गंगा पुल से किशोरी ने लगाई छलांग, तीन घंटे बाद मिला शव
मीरजापुर, 23 जून (हि.स.)। चुनार कोतवाली क्षेत्र स्थित चुनार-मेड़िया पक्का पुल से मंगलवार शाम एक किशोरी ने गंगा नदी में छलांग लगा दी। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। गोताखोरों की टीम ने करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद किशोरी का शव नदी से बरामद किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शाम करीब साढ़े पांच बजे मेड़िया की ओर से आई एक किशोरी ने अचानक पुल से गंगा नदी में छलांग लगा दी। उस समय नदी में मछली पकड़ रहे मछुआरों ने घटना देखी और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और घाट पर लोगों की भीड़ जुट गई।
पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों को बुलाकर तलाश अभियान शुरू कराया। काफी देर तक चले अभियान के बाद रात करीब आठ बजे गोताखोरों की टीम ने किशोरी का शव नदी से बाहर निकाला। तलाश अभियान में गोताखोर रामबाबू निषाद, गुड्डू साहनी, दीपक साहनी, रंजीत साहनी, सहदेव साहनी, प्रदीप साहनी, आजाद साहनी और मनीष साहनी शामिल रहे।
कोतवाल विजय शंकर सिंह पटेल ने बताया कि गंगा नदी से एक किशोरी का शव बरामद किया गया है। फिलहाल उसकी पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। पहचान होने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस किशोरी की पहचान और घटना के कारणों की जांच में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

