गड्ढों वाली सड़कों पर तत्काल रोलर चलवाकर दुरुस्त कराएं: अर्पित उपाध्याय
कानपुर, 11 सितंबर (हि.स.)। शहर में खराब सड़कों और गड्ढों वाले मार्गों पर तत्काल रोलर चलवाकर उन्हें मोटरेबल कराया जाए। जहां जरूरत हो, वहां गुणवत्तापूर्ण पैचवर्क कराकर सड़क को दुरुस्त किया जाए और सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे कराए जाएं। आगामी वीआईपी विजिट को देखते हुए अधिकारी अपने-अपने जोन में सड़कों और गड्ढों की स्थिति पर विशेष नजर रखते हुए तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें। यह निर्देश शुक्रवार को नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने शुक्रवार को शहर में चल रहे पैचवर्क एवं मार्ग सुधारीकरण कार्यों के स्थलीय निरीक्षण के दौरान दिए।
नगर आयुक्त ने कंपनी बाग चौराहे से चुन्नीगंज की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग का निरीक्षण किया। यहां पैचवर्क का कार्य कराया जा रहा था। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पैचवर्क उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराया जाए। निरीक्षण के दौरान जोन- चार की जोनल अभियंता मीनाक्षी और क्षेत्रीय नगर स्वास्थ्य अधिकारी चंद्रशेखर मौजूद रहे।
इसके बाद नगर आयुक्त ने चाचा नेहरू अस्पताल के पास कोपरगंज मार्ग का निरीक्षण किया। यहां जगह-जगह गड्ढे पाए गए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पूरे मार्ग पर आवश्यकतानुसार रोलर चलवाकर उसे तत्काल मोटरेबल कराया जाए। साथ ही पैचवर्क का काम भी गुणवत्तापूर्ण तरीके से कराया जाए।
इसके बाद नगर आयुक्त ने जोन-एक के अंतर्गत नई सड़क वाले मार्ग का निरीक्षण किया। यहां सड़क की स्थिति क्षतिग्रस्त मिली और काफी बड़े गड्ढे पाए गए। इस पर उन्होंने नाराजगी जताई और तत्काल रोलर चलवाकर मार्ग को मोटरेबल कराने तथा आवश्यकतानुसार पैचवर्क कराने के निर्देश दिए। मौके पर जोन-एक के जोनल अभियंता आलोक श्रीवास्तव और उनकी टीम मौजूद रही।
नगर आयुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पैचवर्क और मार्ग सुधारीकरण के कार्यों में किसी भी प्रकार की उदासीनता न बरती जाए। सभी काम गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरे कराए जाएं। उन्होंने आगामी वीआईपी विजिट के दृष्टिगत अधिकारियों को अपने-अपने जोन क्षेत्रों में सड़कों और गड्ढों की स्थिति पर विशेष सतर्क दृष्टि रखने और जरूरत के अनुसार तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

