home page

त्योहारों से पहले शहर की सभी खराब स्ट्रीट लाइटें हाें दुरुस्त : अर्पित उपाध्याय

 | 
त्योहारों से पहले शहर की सभी खराब स्ट्रीट लाइटें हाें दुरुस्त : अर्पित उपाध्याय


कानपुर, 28 सितंबर (हि.स.)। आगामी नवरात्र, दुर्गापूजा, दशहरा, दीपावली और छठ पूजा को देखते हुए नगर निगम शहर की स्ट्रीट लाइट, सफाई और सड़कों की व्यवस्था को दुरुस्त करने में जुट गया है। वर्तमान में शहर में करीब 20 हजार प्रकाश बिंदु खराब हैं, जिन्हें त्योहारों से पहले ठीक कराने के लिए अतिरिक्त टीमें और ई-रिक्शा लगाने समेत कार्ययोजना तैयार की गई है। यह बातें नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने सोमवार को विभागीय समीक्षा बैठक में कहीं।

नगर निगम मुख्यालय में हुई बैठक में नगर आयुक्त ने मार्ग प्रकाश, स्वास्थ्य और अभियंत्रण विभाग के अधिकारियों के साथ विभिन्न जोनों की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान कार्बन जमने समेत अन्य कारणों से बड़ी संख्या में स्ट्रीट लाइट खराब हुई हैं। इन्हें ठीक कराने के लिए अतिरिक्त टीमों की तैनाती और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया तेज की जाए, ताकि पर्वों से पहले शहर की मार्ग प्रकाश व्यवस्था बेहतर हो सके।

नगर आयुक्त ने सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न जोनों में बने कूड़ा घर (गार्बेज प्वाइंट) और जीवीपी प्वाइंट हटाकर संबंधित स्थानों का सौंदर्यीकरण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवश्यकता के अनुसार इन स्थानों पर चबूतरे, निर्माण एवं विध्वंस (सीएंडडी) वेस्ट से बनी बेंच और गमले लगाकर उनका स्वरूप बदला जाए। मुख्य मार्गों पर विशेष सफाई के साथ सड़क से कूड़ा हटाने और सफाई व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया।

उन्होंने रोड स्वीपिंग मशीनों के संचालन का रूट चार्ट तैयार कराने और जोनल स्वच्छता अधिकारियों को मशीनों से होने वाली सफाई की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। विभिन्न जोनों में लगे 66 पीसीटीएस की कार्यप्रणाली की भी नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा गया।

बैठक में नगर निगम के स्वामित्व वाली क्षतिग्रस्त सड़कों के सुधार के लिए प्रस्तावित 318 कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। नगर आयुक्त ने निर्देश दिया कि चिह्नित सड़कों के अलावा यदि किसी अन्य मार्ग पर भी क्षति है तो उसका सर्वे कराकर तत्काल टेंडर की प्रक्रिया शुरू की जाए। सभी जोनों में पैच मरम्मत का काम तेज करते हुए इसे 10 दिन में पूरा कराने को कहा गया, ताकि पर्वों से पहले शहर को गड्ढामुक्त किया जा सके।

निर्माण कार्यों के दौरान सड़क की खुदाई को लेकर भी नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एक साथ बड़े हिस्से की सड़क न खोदी जाए। मिलिंग मशीन से 50-50 मीटर के हिस्से में काम कराया जाए और एक पैच का काम पूरा होने के बाद ही अगले स्थान पर खुदाई की जाए, जिससे आवागमन करने वाले लोगों को कम से कम असुविधा हो।

छठ पूजा को देखते हुए सभी जोनों में पूजा स्थलों के सौंदर्यीकरण और आवश्यक निर्माण कार्यों की जोनवार सूची तैयार कर समय से काम पूरा कराने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में अपर नगर आयुक्त प्रथम व द्वितीय, सभी जोनल अभियंता, जोनल स्वच्छता अधिकारी और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप