डीएमएसआरडीई में आमसभा, रक्षा कर्मचारियों की मांगों पर जल्द फैसला जरूरी : आशीष कुमार सिंह
कानपुर, 10 अप्रैल (हि.स.)। रक्षा सामग्री एवं भंडार अनुसंधान तथा विकास स्थापना (डीएमएसआरडीई) में रक्षा कर्मचारियों की मांगों को लेकर आमसभा में कर्मचारियों ने जोरदार आवाज उठाई। रक्षा कर्मचारियों की लंबित मांगों को नजरअंदाज किया जा रहा है, जिन पर शीघ्र ठोस निर्णय लिया जाना चाहिए। यह बातें शुक्रवार को यूनियन के अध्यक्ष आशीष कुमार सिंह ने कही।
भारतीय प्रतिरक्षा मजदूर संघ के आह्वान पर डीएमएसआरडीई इम्प्लाइज यूनियन द्वारा आज संस्थान के मुख्य द्वार पर आमसभा का आयोजन किया गया। यूनियन भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध है और रक्षा मंत्रालय द्वारा मान्यता प्राप्त है। कार्यक्रम में उपाध्यक्ष सुधा शुक्ला, मंत्री शिवांग मिश्रा समेत कई पदाधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
सभा के दौरान डीआरडीओ में ट्रेड यूनियन गतिविधियों को जारी रखने, पुरानी पेंशन योजना लागू करने, आठवें वेतन आयोग के गठन, सीजीएचएस की कैशलेस सुविधा और अनुकंपा नियुक्ति जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि इन मांगों पर लंबे समय से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है, जिससे कर्मचारियों में असंतोष बढ़ रहा है।
कार्यक्रम के अंत में रक्षा मंत्री को सम्बोधित मांग पत्र संस्थान के निदेशक डॉ. किंशुक मुखोपाध्याय को यूनियन प्रतिनिधियों द्वारा सौंपा गया। निदेशक ने मांग पत्र स्वीकार करते हुए संबंधित विषयों पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
सभा में संध्या सिंह, सतेंद्र कुमार, आलोक गुप्ता, रवि कुमार सविता, संतोष यादव और नौसबा सहित अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे। यूनियन पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

