जौनपुर पहुंची जेन जी कनेक्ट यात्रा, युवाओं ने उठाए रोजगार और शिक्षा के मुद्दे
जौनपुर, 15 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में जस्टिस मोर्चा की जेन जी कनेक्ट यात्रा मंगलवार को अपने 27वें दिन जनपद पहुंची। त्रिलोचन से सिरकोनी होते हुए यात्रा शहर में प्रवेश किया। इस दौरान यात्रियों ने छात्रों, युवाओं और स्थानीय लोगों से संवाद कर शिक्षा, रोजगार, पेपर लीक, निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था और सरकारी स्कूलों की स्थिति जैसे मुद्दों पर चर्चा की। यात्रा के दौरान विभिन्न सरकारी स्कूलों की स्थिति का भी जायजा लिया गया।
जौनपुर शहर पहुंचने पर गांधी पार्क में सैकड़ों लोगों ने यात्रा का स्वागत किया। विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने युवाओं के मुद्दों को समर्थन दिया। गांधी पार्क से यात्रा अंबेडकर पार्क पहुंची। यहां युवाओं ने पेपर लीक, चंदा चोरी और सरकारी स्कूलों की बदहाल स्थिति को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा व्यवस्था में अनियमितताओं का खामियाजा मेहनत करने वाले विद्यार्थियों को भुगतना पड़ता है।
इसके बाद यात्रा कचहरी, सद्भावना पुल, छरछू चौराहा, शाही पुल और तिलकधारी सिंह कॉलेज होते हुए आगे बढ़ी। मार्ग में पर्चे वितरित कर जनसंवाद किया गया। जस्टिस मोर्चा के प्रतिनिधियों ने कहा कि यात्रा का उद्देश्य युवाओं की समस्याओं और आकांक्षाओं को सुनकर उन्हें साझा मंच देना है। उन्होंने कहा कि युवा रोजगार, बेहतर शिक्षा और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था चाहते हैं। यात्रा प्रयागराज, प्रतापगढ़ और रायबरेली होते हुए दो अक्टूबर को लखनऊ पहुंचेगी, जहां इसका समापन होगा। यात्रा में प्रियेश, रजत, शान्तनु, अवनीश, नीरज, राजू, विवेक, सूफी, सुमन, जय सहित बड़ी संख्या में युवा शामिल रहे।------------------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

