उज्ज्वला लाभार्थियों को गैस सिलेंडर रिफिल की सब्सिडी वितरित, महिलाओं को धुएं से मिली राहत
कानपुर, 03 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को लखनऊ के लोकभवन सभागार में उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को निःशुल्क गैस सिलेंडर रिफिल की सब्सिडी वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका सजीव प्रसारण सरसैया घाट चौराहा स्थित नवीन सभागार में किया गया।
यहां जनप्रतिनिधियों ने उज्ज्वला योजना की लाभार्थियों सुशीला वर्मा, सोमवती वर्मा, पार्वती, पूनम सोनकर, शांती देवी, शम्मों और जीनत सहित अन्य महिलाओं को सब्सिडी के प्रतीकात्मक चेक वितरित किए।
कार्यक्रम में कल्याणपुर विधायक नीलिमा कटियार, किदवई नगर विधायक महेश त्रिवेदी, जिला पंचायत अध्यक्ष स्वपनिल वरुण और विधान परिषद सदस्य सलिल विश्नोई एवं अरुण पाठक मौजूद रहे।
इस दौरान लाभार्थी सोमवती वर्मा सहित अन्य महिलाओं ने योजना से मिले लाभ साझा किए। उन्होंने बताया कि गैस सिलेंडर मिलने से चूल्हे के धुएं से होने वाली सांस संबंधी परेशानियों और आंखों में जलन से राहत मिली है। पहले लकड़ी और उपले जुटाने में काफी समय और मेहनत लगती थी। अब खाना बनाने में आसानी हो रही है। गैस सिलेंडर रिफिल पर मिलने वाली सब्सिडी से आर्थिक मदद भी मिल रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

