home page

कानपुर में गंगा का जलस्तर चेतावनी बिंदु से ऊपर, लगातार घट रहा पानी

 | 
कानपुर में गंगा का जलस्तर चेतावनी बिंदु से ऊपर, लगातार घट रहा पानी


कानपुर, 04 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कानपुर बैराज पर गंगा का जलस्तर रविवार को 114.500 मीटर दर्ज किया गया, जो चेतावनी बिंदु 114 मीटर से आधा मीटर ऊपर है। हालांकि जलस्तर में लगातार कमी का रुख बना हुआ है। शुक्लागंज में भी गंगा का जलस्तर चेतावनी स्तर से थोड़ा ऊपर दर्ज हुआ है।

कानपुर बैराज के डाउनस्ट्रीम में जलस्तर 114.050 मीटर रहा, जबकि पानी का डिस्चार्ज 3,92,772 क्यूसेक दर्ज किया गया। बैराज का खतरे का निशान 115 मीटर है। इस तरह डाउनस्ट्रीम का जलस्तर भी खतरे के निशान से 0.950 मीटर नीचे है। वहीं शुक्लागंज में जलस्तर 113.040 मीटर रहा, जो चेतावनी स्तर 113 मीटर से 0.040 मीटर ऊपर है। यहां भी पानी घटने का रुख बना हुआ है।

हरिद्वार बैराज से 46,850 क्यूसेक और नरौरा बैराज से 54,876 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज दर्ज किया गया। दोनों स्थानों से छोड़े जा रहे पानी की स्थिति पर भी प्रशासन नजर बनाए हुए है। गंगा के जलस्तर में कमी के बावजूद तटीय इलाकों में सतर्कता बरती जा रही है।

जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने कहा कि गंगा के जलस्तर और तटीय क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। संबंधित विभागों को सतर्क रहने और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने अधिकारियों से जलस्तर में होने वाले बदलाव की नियमित निगरानी करते हुए प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप