कानपुर में गंगा का जलस्तर 28 सेंटीमीटर घटा
कानपुर, 31 अगस्त (हि.स.)। कानपुर के बैराज पर गंगा का जलस्तर रविवार की तुलना में 28 सेंटीमीटर घटकर 113.870 मीटर पर पहुंच गया। जलस्तर में गिरावट से फिलहाल बाढ़ का दबाव कुछ कम हुआ है। हालांकि गंगा के जलस्तर और आसपास के इलाकों की लगातार निगरानी की जा रही है। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने सभी संबंधित विभागों को सतर्क और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए हैं।
बैराज का अपस्ट्रीम जलस्तर रविवार को 114.150 मीटर था, जो सोमवार को घटकर 113.870 मीटर रह गया। इस तरह एक दिन में 28 सेंटीमीटर की कमी दर्ज की गई। डाउनस्ट्रीम जलस्तर भी रविवार के 113.890 मीटर से घटकर 113.620 मीटर हो गया। बैराज का चेतावनी स्तर 114 मीटर और खतरे का स्तर 115 मीटर है। मौजूदा जलस्तर चेतावनी बिंदु से नीचे है। बैराज से छोड़े जा रहे पानी की मात्रा में भी कमी आई है। रविवार को 3,53,607 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज दर्ज किया गया था, जो सोमवार को घटकर 3,23,094 क्यूसेक रह गया। इस तरह डिस्चार्ज में 30,513 क्यूसेक की कमी हुई है।
शुक्लागंज में भी गंगा का जलस्तर कम हुआ है। सोमवार को यहां जलस्तर 112.470 मीटर दर्ज किया गया। शुक्लागंज का चेतावनी स्तर 113 मीटर और खतरे का स्तर 114 मीटर निर्धारित है। यहां भी जलस्तर दोनों स्तरों से नीचे बना हुआ है। इसके अलावा हरिद्वार बैराज से 85,049 क्यूसेक और नरौरा बैराज से 71,051 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। प्रशासन की ओर से नदी के जलस्तर में होने वाले बदलाव पर नजर रखी जा रही है और निचले इलाकों में भी सतर्कता बरती जा रही है।
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

