लगातार बारिश से गंगा में बढ़ा दबाव, चेतावनी स्तर से 23 सेंटीमीटर नीचे पहुंचा जलस्तर
कानपुर, 27 सितंबर (हि.स.)। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में पिछले कई दिनों से हो रही बारिश का असर अब गंगा के जलस्तर पर भी दिखाई देने लगा है। ऊपरी क्षेत्रों में वर्षा और बैराजों से बढ़े पानी के डिस्चार्ज के कारण कानपुर में गंगा का जलस्तर ऊंचा बना हुआ है। हालांकि रविवार को कानपुर बैराज के अपस्ट्रीम में जलस्तर शनिवार के मुकाबले तीन सेंटीमीटर घटकर 113.77 मीटर दर्ज किया गया, लेकिन यह अब भी चेतावनी स्तर 114 मीटर से महज 23 सेंटीमीटर नीचे है। वहीं डाउनस्ट्रीम में जलस्तर 71 सेंटीमीटर बढ़कर 113.05 मीटर पहुंच गया।
शुक्लागंज में भी गंगा का जलस्तर बढ़ा है। शनिवार को यहां जलस्तर 110.97 मीटर था, जो रविवार को बढ़कर 111.71 मीटर दर्ज किया गया। यह चेतावनी स्तर से 1.29 मीटर नीचे है, लेकिन लगातार बारिश और ऊपरी क्षेत्रों से पानी आने के कारण प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
कानपुर बैराज पर रविवार को 2,16,768 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज दर्ज किया गया, जो शनिवार के 91,945 क्यूसेक की तुलना में काफी अधिक है। हरिद्वार बैराज से 72,028 क्यूसेक और नरौरा बैराज से 31,900 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज दर्ज किया गया। जल संसाधन विभाग और बाढ़ नियंत्रण इकाई लगातार गंगा के जलस्तर की निगरानी कर रही है।
जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि लगातार हो रही बारिश और गंगा के बढ़ते दबाव को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी बढ़ा दी गई है और संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध हैं तथा प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य के लिए टीमें तैयार रखी गई हैं। साथ ही लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

