home page

गंगा का जलस्तर घटा, डिस्चार्ज भी कम हुआ

 | 
गंगा का जलस्तर घटा, डिस्चार्ज भी कम हुआ


कानपुर, 03 सितंबर (हि.स.)। गंगा के जलस्तर में गुरुवार को भी गिरावट दर्ज की गई। कानपुर बैराज के अपस्ट्रीम में जलस्तर बुधवार के 113.740 मीटर से घटकर 113.710 मीटर और डाउनस्ट्रीम का जलस्तर 113.490 मीटर से घटकर 113.460 मीटर हो गया। बैराज से पानी का डिस्चार्ज भी बुधवार के 309365 क्यूसेक से घटकर 306197 क्यूसेक रह गया।

जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि गंगा के जलस्तर और डिस्चार्ज पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। संबंधित अधिकारियों को स्थिति पर नजर बनाए रखने और बाढ़ से बचाव के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं।

बैराज का अपस्ट्रीम जलस्तर चेतावनी बिंदु 114 मीटर से नीचे है, जबकि खतरे का निशान 115 मीटर निर्धारित है। डाउनस्ट्रीम में भी जलस्तर में कमी दर्ज हुई है।

शुक्लागंज में भी जलस्तर बुधवार के 112.250 मीटर से बढ़कर गुरुवार को 112.330 मीटर दर्ज किया गया। यहां चेतावनी स्तर 113 मीटर और खतरे का निशान 114 मीटर है।

हरिद्वार बैराज से पानी का डिस्चार्ज बुधवार के 100375 क्यूसेक से बढ़कर गुरुवार को 108697 क्यूसेक हो गया। वहीं, नरौरा बैराज से डिस्चार्ज बुधवार के 77819 क्यूसेक से बढ़कर 83835 क्यूसेक दर्ज किया गया।

कानपुर बैराज में बुधवार की तुलना में गुरुवार को जलस्तर और डिस्चार्ज में कमी आई है। प्रशासन की ओर से गंगा के जलस्तर के साथ ही हरिद्वार और नरौरा बैराज से आने वाले पानी की भी निगरानी की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप