home page

गणेश शंकर विद्यार्थी के आदर्शों पर चलना ही सच्ची श्रद्धांजलि : अमिताभ बाजपेयी

 | 
गणेश शंकर विद्यार्थी के आदर्शों पर चलना ही सच्ची श्रद्धांजलि : अमिताभ बाजपेयी


कानपुर, 26 अक्टूबर (हि.स.)। गणेश शंकर विद्यार्थी ने अपनी निर्भीक लेखनी से अंग्रेजी हुकूमत को चुनौती देने के साथ शोषितों और पीड़ितों की आवाज बुलंद की। सत्य, सामाजिक न्याय और सांप्रदायिक सद्भाव के लिए उनका संघर्ष आज भी समाज को प्रेरणा देता है। यह बातें सोमवार को आर्यनगर विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के विधायक अमिताभ बाजपेयी ने गणेश शंकर विद्यार्थी की जयंती पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करने के दौरान कहीं।

विधायक ने कहा कि गणेश शंकर विद्यार्थी केवल महान पत्रकार ही नहीं, बल्कि इंसानियत और सामाजिक एकता के मजबूत प्रहरी थे। उन्होंने पत्रकारिता को जनहित से जोड़कर समाज को नई दिशा दी। सांप्रदायिक सद्भाव की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का बलिदान देकर उन्होंने त्याग और मानवता की मिसाल कायम की।

उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में विद्यार्थी जी के विचारों की प्रासंगिकता और बढ़ गई है। अन्याय के खिलाफ आवाज उठाना, सत्य के प्रति निष्ठावान रहना और समाज में आपसी भाईचारा बनाए रखना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इससे पहले विधायक अमिताभ बाजपेयी ने नरोना चौराहा स्थित गणेश शंकर विद्यार्थी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर पार्षद रजत बाजपेयी, अवधेश जायसवाल टिल्लू, पप्पन शर्मा, चंकी गुप्ता, निसार अहमद, मोहम्मद शकील, रियाज अहमद, प्रशांत मोहन जायसवाल और दीपांशु पांडे सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप