home page

गांधी जयंती पर विशेष ग्राम सभाओं में होगी वीबी-जी राम जी योजना पर चर्चा : केशव प्रसाद मौर्य

 | 
गांधी जयंती पर विशेष ग्राम सभाओं में होगी वीबी-जी राम जी योजना पर चर्चा : केशव प्रसाद मौर्य


लखनऊ, 01 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने गांधी जयंती (02 अक्टूबर ) के अवसर पर होने वाली ग्राम सभाओं में वीबी-जी राम जी योजना का प्रचार-प्रसार करने के निर्देश ग्राम्य विकास विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों को दिये है। इस अवसर पर विशेष ग्राम सभाएं आयोजित की जाएंगी और पंचायत सचिव द्वारा ग्रामीणों को वार्ता के बिंदु सुनाए जाएंगे।

उन्हाेने कहा है कि ग्राम पंचायताें को विकसित, सक्षम और आत्मनिर्भर बनाने में सब लोग मिलकर एक विकसित पंचायत और विकसित भारत का संकल्प लें। ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार की गाइडलाइन के अनुसार दो अक्टूबर को आयोजित ग्राम सभाओं में वीबी-जी राम जी योजना के प्रमुख प्रावधानों और विकसित ग्राम पंचायत प्लान (वीजीपीपी) पर विशेष चर्चा की जाएगी। इस संबंध में आयुक्त ग्राम्य विकास विभाग, उत्तर प्रदेश प्रमोद कुमार उपाध्याय ने सभी मुख्य विकास अधिकारियों को दिशा निर्देश जारी किए हैं।

ग्राम सभा बैठकों के दौरान पंचायत सचिव वीबी-जी राम जी अधिनियम के मुख्य बिंदुओं की जानकारी ग्रामीणों के साथ साझा करेंगे। विकसित ग्राम पंचायत प्लान-गाँव के विकास के लिए जरूरी काम विकसित ग्राम पंचायत प्लान के माध्यम से तय की जाएंगी । रोजगार, आजीविका, जल संरक्षण, ग्रामीण आधारभूत संरचना और टिकाऊ परिसंपत्तियों के निर्माण के माध्यम से हम अपने गाँव को आगे बढ़ा सकते हैं। दो अक्टूबर को आयोजित किए जाने वाले रिफार्म उत्सव (प्रचार प्रसार) के सफलता पूर्वक आयोजन किये जाने के सम्बन्ध में जनपद व विकास खण्ड स्तर पर नोडल अधिकारी नामित किये गये हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. जितेन्‍द्र पाण्डेय