home page

सूचना विभाग में मनाई गई महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री की जयंती

 | 
सूचना विभाग में मनाई गई महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री की जयंती


लखनऊ, 02 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती शुक्रवार को सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के सभागार में हर्षोल्लास से मनाई गई।

सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग मुख्यालय के सभागार में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ अपर निदेशक अरविन्द कुमार मिश्र द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके पश्चात उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी दोनों महान विभूतियों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर अपनी श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपिता के प्रिय भजन ‘वैष्णव जन तो तेने कहिए’ का सस्वर पाठ भी किया गया।

अपने संबोधन में अपर निदेशक अरविन्द कुमार मिश्र ने दोनों महापुरुषों के कृतित्व एवं व्यक्तित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी का जीवन सत्य, अहिंसा, त्याग और सादगी का प्रतीक है। उन्होंने सत्याग्रह के माध्यम से न केवल भारत को ब्रिटिश हुकूमत से स्वतंत्रता दिलाई, बल्कि पूरी दुनिया को शांतिपूर्ण संघर्ष का मार्ग दिखाया, वहीं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए श्री मिश्र ने कहा कि शास्त्री जी ने अत्यंत साधारण परिवार से आकर अपनी असाधारण प्रतिभा, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा से देश का नेतृत्व किया। उनके द्वारा दिया गया अमर नारा ‘जय जवान, जय किसान’ आज भी देश की सुरक्षा और खाद्य सुरक्षा का मूल मंत्र है। उन्होंने देश के जवानों का मनोबल बढ़ाया और किसानों को अन्नदाता के रूप में सम्मान दिलाया। उनकी सादगी का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि शास्त्री जी एक ऐसी मिसाल हैं जिन्होंने प्रधानमंत्री रहते हुए भी कभी अपने पद का दुरुपयोग नहीं किया। उनका जीवन हमें सिखाता है कि ऊँचे पद पर रहकर भी कैसे विनम्र और जमीन से जुड़े रहा जाता है।

उन्होंने सूचना विभाग के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे गांधी जी के सत्य और अहिंसा तथा शास्त्री जी की सादगी और कर्तव्यनिष्ठा को अपनी कार्यशैली में अपनाएं।

इस अवसर पर वरिष्ठ वित्त एवं लेखाधिकारी संजय कुमार सिंह, उपनिदेशक अनुराग प्रसाद, आत्रेय मिश्रा, सहायक निदेशक सतीश चन्द्र भारती, चन्द्र मोहन, डाॅ. जितेन्द्र प्रताप सिंह, सी.एल. सिंह, प्रभात श्रीवास्तव,अमित कुमार यादव, निर्माता फिल्म अभय कुमार श्रीवास्तव सहित विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन