गेल इंडिया ने उत्तर पूर्व रेलवे, वाराणसी के साथ किया एमओयू पर हस्ताक्षर
—रेलवे के आवासीय परिसरों में अब पाइप्ड नेचुरल गैस उपलब्ध,डीआरएम ने इसे सुरक्षित, भरोसेमंद तथा किफायती ईंधन बताया
वाराणसी,27 जुलाई (हि.स.)। स्वच्छ ऊर्जा की पहुंच का विस्तार करने और शहरी ऊर्जा अवसंरचना को सुदृढ़ करने की अपनी प्रतिबद्धता के लिए गेल (इंडिया) लिमिटेड ने वाराणसी में रेलवे के आवासीय परिसरों को घरेलू पाइप्ड नेचुरल गैस की आपूर्ति के लिए उत्तर पूर्व रेलवे, वाराणसी के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। इस एमओयू पर उत्तर पूर्व रेलवे, वाराणसी के मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन तथा गेल वाराणसी के महाप्रबंधक सुशील कुमार ने दोनों संस्थानों के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर गेल की ओर से चंद्रकांत टंडन, देबाशीष साहू तथा जे. आकाश उपस्थित रहे, जबकि उत्तर पूर्व रेलवे की ओर से अपर मंडल रेल प्रबंधक अजय कुमार सिंह तथा वरिष्ठ मंडल अभियंता (समन्वय) विकास कुमार सिंह समारोह में शामिल हुए।
इस मौके पर गेल वाराणसी के महाप्रबंधक सुशील कुमार ने वाराणसी में गेल के सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क के निरंतर विस्तार पर प्रकाश डाला और घरेलू पाइप्ड नेचुरल गैस को घरों के लिए सुरक्षित, विश्वसनीय, सुविधाजनक तथा पर्यावरण-अनुकूल ईंधन के रूप में मिल रही बढ़ती स्वीकार्यता पर जोर दिया। उन्होंने क्षेत्र के अधिक से अधिक उपभोक्ताओं तक स्वच्छ ऊर्जा के लाभ पहुंचाने के लिए गेल की प्रतिबद्धता दोहराई। अपने अनुभव साझा करते हुए डीआरएम आशीष जैन ने पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) के लाभों की सराहना करते हुए इसे सुरक्षित, भरोसेमंद तथा किफायती ईंधन बताया, जो एलपीजी सिलेंडर के भंडारण, बुकिंग और रिफिलिंग की असुविधा को समाप्त करता है। उन्होंने रेलवे के अधिकारियों और कर्मचारियों से अधिकाधिक परिवारों के बीच पीएनजी को अपनाने के लिए सक्रिय रूप से प्रोत्साहित करने का आह्वान किया, ताकि स्वच्छ और दक्ष ऊर्जा की व्यापक पहुंच सुनिश्चित की जा सके।
उत्तर पूर्व रेलवे, वाराणसी के जनसम्पर्क कार्यालय के अनुसार,इस समझौते के तहत वाराणसी में स्थित लगभग 700 रेलवे आवासीय परिसरों को गेल के घरेलू पाइप्ड नेचुरल गैस नेटवर्क से जोड़ा जाएगा। इस परियोजना के माध्यम से निवासियों को स्वच्छ रसोई ईंधन की निर्बाध आपूर्ति उपलब्ध होगी, साथ ही सुरक्षा, सुविधा और पर्यावरणीय स्थिरता को भी बढ़ावा मिलेगा। पाइपलाइन बिछाने का कार्य शीघ्र ही प्रारंभ किया जाएगा।
यह पहल गेल वाराणसी की सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन यात्रा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है तथा भारत के ऊर्जा संक्रमण लक्ष्यों के अनुरूप मजबूत स्वच्छ ऊर्जा अवसंरचना के निर्माण के प्रति कंपनी की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

