home page

उप संचालक चकबन्दी ने ग्राम चौपाल में सुनीं कृषकों की समस्याएं

 | 
उप संचालक चकबन्दी ने ग्राम चौपाल में सुनीं कृषकों की समस्याएं


मुरादाबाद, 05 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में चकबन्दी आयुक्त के निर्देशों के क्रम में कृषकों का फीडबैक प्राप्त कर उनकी समस्याओं का निराकरण किये जाने के लिए उप संचालक चकबन्दी ओमप्रकाश अंजोर ने गुरुवार को तहसील ठाकुरद्वारा में ग्राम बढ़ेरा में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। जिसमें उपस्थित कृषकों की समस्याओं को सुना गया।

ग्राम बढ़ेरा तहसील ठाकुरद्वारा में धारा-10 का प्रकाशन हुआ है। कृषक अहमद हसन ने विरासत के सम्बन्ध में तथा मौहम्मद आसिम व मौहम्मद अल्ताफ द्वारा बैनामा दाखिल खारिज के लिए शिकायत की गयी। स्थल पर उपस्थित सहायक चकबन्दी अधिकारी द्वारा तत्काल बैनामों का दाखिल खारिज कराया गया।

कृषक अहमद हसन विरासत सम्बन्धी शिकायत में पाया गया कि अभी आपत्ति प्रस्तुत करने के लिए निर्धारित अवधि पूर्ण नहीं हुई है। सहायक चकबन्दी अधिकारी को निर्देशित किया गया कि निर्धारित अवधि पूर्ण होते ही विरासत का दाखिल खारिज सुनिश्चित किया जाये।

कृषक शमशाद व इरफान ने विभाजन त्रुटिपूर्ण होने का कथन किया गया, जिसको दुरूस्त करने के लिए चकबन्दी अधिकारी को निर्देशित किया गया। चकबन्दी अधिकारी द्वारा होली के त्यौहार के तुरन्त बाद ग्राम में बैठकर प्रश्नगत वादों का निस्तारण करने के लिए आश्वस्त किया गया।

कृषक अफसर अली ने शिकायत की गयी कि उनका रकबा सर्वे में कम कर दिया गया है। मौके पर ही उनके खेत की पैमाइश की गयी और पाया गया कि मौके पर खेत का रकबा अनुसार सर्वे है। आस-पास के गाटों की भी नाप करायी गयी, उनका क्षेत्रफल भी स्थल पर सर्वे के अनुसार पाया गया। इस कार्यवाही से कृषक अफसर अली संतुष्ट है।

कृषकों को यह भी बताया गया कि उनको चकबन्दी से सम्बन्धित कोई भी शिकायत हो तो वह व्यक्तिगत रूप से अथवा दूरभाष पर कभी उप संचालक चकबन्दी/बन्दोबस्त अधिकारी चकबन्दी से सम्पर्क कर सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल