श्री राधा शक्ति श्याम मंदिर में धूमधाम से मना युगल जयंती महोत्सव, वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ अष्ट सखी पूजन
फर्रुखाबाद, 07 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जनपद में लोहाई रोड स्थित श्री राधा शक्ति श्याम मंदिर में श्रीमद्भागवत के अंतर्गत युगल जयंती महोत्सव एवं अष्ट सखी पूजन दशाब्दी समारोह साेमवार काे बड़े ही श्रद्धा व उल्लास के साथ मनाया गया। मंदिर परिसर को फूलों व रोशनी से सजाया गया था।
महोत्सव में विद्वान पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्री राधा रानी की अष्ट सखियों का विधिवत पूजन कराया गया। पूजन रेनू सिगतिया, रानी गुप्ता, संगीता, श्रुति सिगतिया, मुदित गुप्ता, वीना अग्रवाल आदि महिला भक्तों ने किया। सखियों को अनेक उपहार भेंट कर भक्तों ने स्वयं को धन्य किया। पूजन के दौरान जय-जय श्री राधे, राधारानी की जय, बरसाने वाली की जय के जयकारों से मंदिर प्रांगण गूंज उठा। श्री राधा-गोपाल सहस्रनाम का जाप भी किया गया।
अष्ट सखी प्रसंग के महत्व पर प्रवचन करते हुए डॉ. मनमोहन गोस्वामी ने कहा कि श्री राधा रानी भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य अलौकिक प्रेम, त्याग और समर्पण की आध्यात्मिक कला की देवी, पवित्रता और प्रेम-भक्ति की सहचरी थीं। श्री राधा रानी प्रकृति तत्व हैं और श्रीकृष्ण चेतना तत्व हैं। शरीर में आत्मा चेतन है और प्रकृति उसका आधार है। उन्होंने अष्ट सखियों का तत्व विवेचन करते हुए बताया कि ललिता सखी जल तत्व, विशाखा अग्नि तत्व की प्रतीक हैं, इसी प्रकार अन्य सखियां आकाश, वायु, पृथ्वी तत्वों का प्रतिनिधित्व करती हैं।
डॉ. गोस्वामी ने कहा कि अष्ट सखियों के गुण आज के मानव जीवन के लिए प्रेरणादायी हैं। ललिता (प्रमुख सेविका), विशाखा (बुद्धि एवं कला), चम्पकलता (व्यंजन कला में निपुण), चित्रा (चित्रकला, संगीत, कविता), तुंग विद्या (नृत्यकला, नाट्यशास्त्र), इन्दुलेखा (रूपसज्जा, आभूषण कला), रंगादेवी (सुगंध कला) व सुदेवी (सहयोगिनी) के रूप में निपुण थीं। उन्होंने गुरुतत्व के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गुरु माता है, पिता है, शिक्षक है और जीवन का पथ प्रदर्शक है। गुरु महिमा अपरम्पार है।
कार्यक्रम में ठाकुर जी, श्री राधा रानी एवं भगवान श्रीकृष्ण का भक्तों ने चरणोदक लिया और भजन-कीर्तन किया। कार्यक्रम का समापन महाआरती एवं प्रसाद वितरण के साथ हुआ। कार्यक्रम का संचालन अंजुम दुबे ने किया। स्वागत एवं आभार सुरेन्द्र कुमार सफ्फड़ ने व्यक्त किया।
इस अवसर पर डॉ. मनमोहन गोस्वामी, डॉ. मनोज मेहरोत्रा, पवन अग्रवाल, हर्षित सिगतिया, अनुज अग्रवाल, रोहित सफ्फड़, वैशाली सफ्फड़, महेश वर्मा, गौरव अग्रवाल, संजीव गुप्ता, शिवराम गुप्ता सहित सैकड़ों भक्त उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर

