home page

मेगा विधिक सहायता शिविर में आमजन को दी गई अधिकारों और सरकारी योजनाओं की जानकारी

 | 
मेगा विधिक सहायता शिविर में आमजन को दी गई अधिकारों और सरकारी योजनाओं की जानकारी


विभिन्न योजनाओं में पात्र लाभार्थियों का मौके पर पंजीकरण, छात्र-छात्राओं ने नाट्यमंच द्वारा संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक किया

फर्रुखाबाद, 01 नवंबर(हि.स.)। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से रविवार को फतेहगढ़ स्थित ऑफिसर क्लब में मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया गया। जनपद न्यायाधीश एवं प्राधिकरण के अध्यक्ष नीरज कुमार की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में आमजन को उनके कानूनी अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। इस दौरान विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर पात्र लाभार्थियों का योजनाओं के लिए पंजीकरण भी किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश नीरज कुमार सहित अन्य अतिथियों ने किया। इसके बाद उन्होंने परिसर में लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं की प्रगति, पात्रता और लाभार्थियों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। शिविर में पहुंचे लोगों को सरकारी योजनाओं की आवेदन प्रक्रिया और उनसे मिलने वाले लाभ के बारे में बताया गया। साथ ही पात्र लोगों को मौके पर ही पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध कराई गई, ताकि उन्हें योजनाओं का लाभ लेने के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं सिविल जज सीनियर डिवीजन बिन्दिया भटनागर ने कहा कि शिविर का उद्देश्य लोगों को उनके विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ न्याय व्यवस्था को सुलभ बनाना है। विभिन्न विभागों के समन्वय से पात्र व्यक्तियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने और जरूरतमंदों तक विधिक सहायता पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

शिविर में विधि विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भाषण, नुक्कड़ नाटक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से संविधान में प्रदत्त मौलिक अधिकारों, नागरिक कर्तव्यों तथा कानून के पालन का संदेश दिया। प्रस्तुतियों के जरिए बताया गया कि अधिकारों के प्रति जागरूकता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन भी प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाले छात्र-छात्राओं और अन्य प्रतिभागियों को जनपद न्यायाधीश एवं न्यायिक अधिकारियों ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम के समापन पर न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान किया।

इस अवसर पर अपर जिला जज एवं नोडल अधिकारी संजय कुमार, अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिनेश कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी, क्षेत्राधिकारी सदर अभय वर्मा, एआरटीओ सुभाष राजपूत सहित अन्य न्यायिक अधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर