home page

फर्रुखाबाद: फार्मर रजिस्ट्री में लापरवाही पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस

 | 
फर्रुखाबाद: फार्मर रजिस्ट्री में लापरवाही पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस


फर्रुखाबाद,08 अक्टूबर(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जनपद के मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ की अध्यक्षता में जिले में चल रहे फार्मर रजिस्ट्री कार्य की प्रगति की समीक्षा गुरुवार को की गई। समीक्षा के दौरान बताया गया कि जनपद में कुल 2,50,162 कृषकों की आईडी बनाई जानी है, जिसके सापेक्ष अब तक 2,08,390 कृषकों की फार्मर रजिस्ट्री तैयार की जा चुकी है। लगभग 42,000 कृषकों की फार्मर आईडी बनाया जाना अभी शेष है।

मुख्य विकास अधिकारी ने विकासखंड स्तर पर फार्मर रजिस्ट्री कार्य में तेजी लाते हुए शेष कृषकों की फार्मर आईडी प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि कृषकों को फार्मर रजिस्ट्री के महत्व की जानकारी देते हुए उन्हें आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाए, जिससे पात्र कृषकों को शासन की योजनाओं का लाभ सुगमता से प्राप्त हो सके।

समीक्षा के दौरान विकासखंड स्तर पर ड्यूटी में लगाए गए पंचायत सहायकों, ग्राम रोजगार सेवकों, ग्राम पंचायत सचिवों, ग्राम विकास अधिकारियों एवं कृषि विभाग के कार्मिकों द्वारा एक भी फार्मर रजिस्ट्री न बनाए जाने के संबंध में कड़ी नाराजगी व्यक्त की गई।

मुख्य विकास अधिकारी द्वारा कार्य में अपेक्षित प्रगति न पाए जाने पर 304 पंचायत सहायकों, 88 लेखपालों, 27 ग्राम पंचायत सचिवों, 47 ग्राम रोजगार सेवकों तथा 23 ग्राम विकास अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि फार्मर रजिस्ट्री का कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ पूर्ण किया जाए तथा इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर