home page

लेखपाल से दुर्व्यवहार के मामले में चार पुलिसकर्मी निलंबित, कार्रवाई के बाद लेखपाल संघ ने खत्म किया काम बंद आंदोलन

 | 
लेखपाल से दुर्व्यवहार के मामले में चार पुलिसकर्मी निलंबित, कार्रवाई के बाद लेखपाल संघ ने खत्म किया काम बंद आंदोलन


जौनपुर, 12 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में सदर तहसील के लेखपाल हिमांशु यादव से कथित दुर्व्यवहार के मामले में पुलिस अधीक्षक ने क्राइम ब्रांच के चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। कार्रवाई के बाद उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ ने अपना काम बंद आंदोलन समाप्त कर दिया।शनिवार को कलेक्ट्रेट परिसर में सदर तहसील अध्यक्ष विक्रांत सिंह चौहान के नेतृत्व में लेखपालों ने प्रदर्शन किया। लेखपालों का आरोप था कि क्राइम ब्रांच की एसओजी टीम किसी अन्य व्यक्ति की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही थी। इसी दौरान गलतफहमी में टीम ने लेखपाल हिमांशु यादव को पकड़ लिया और उनके साथ दुर्व्यवहार किया। घटना से नाराज लेखपालों ने संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर काम बंद आंदोलन शुरू किया था।मामले में पुलिस अधीक्षक ने हेड कांस्टेबल प्रफुल्ल यादव, हेड कांस्टेबल आशुतोष सिंह, हेड कांस्टेबल धर्मेंद्र यादव और कांस्टेबल विनीत यादव को निलंबित कर दिया। कार्रवाई की जानकारी मिलने के बाद लेखपाल संघ ने संतोष जताया।दर्जनों लेखपालों ने अपर जिलाधिकारी से मुलाकात कर अपनी मांग रखी। मुख्य राजस्व अधिकारी ने भी जिला अध्यक्ष को फोन पर निलंबन की जानकारी दी। शुरुआत में आदेश की प्रति उपलब्ध नहीं होने के कारण लेखपालों में असमंजस की स्थिति रही। बाद में मुख्य राजस्व अधिकारी ने जिला अध्यक्ष और पीड़ित लेखपाल हिमांशु यादव को बुलाकर निलंबन आदेश की प्रति दिखाई।हिमांशु यादव ने आदेश की प्रति स्वयं पढ़कर कार्रवाई की पुष्टि की और संतोष जताया। उन्होंने जिला कार्यकारिणी तथा साथी लेखपालों का आभार व्यक्त किया। इसके बाद लेखपाल संघ ने सदर तहसील में चल रहा काम बंद आंदोलन समाप्त करने की घोषणा की।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव