home page

नहाय खाय के साथ शुक्रवार से शुरू होगा चार दिवसीय छठ पर्व

 | 
नहाय खाय के साथ शुक्रवार से शुरू होगा चार दिवसीय छठ पर्व


हमीरपुर, 12 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में छठ पर्व का आगाज शुक्रवार को नहाय खाय के साथ होगा। लोगों के घरों में छठ पर्व की तैयारियां जोर-शोर से जारी है। गायत्री गंगा घाट को नगर पंचायत द्वारा चकाचक बनाया गया है। शनिवार को घरों में खरना होगा रविवार की शाम को डूबते हुए सूर्य को घाटों में जाकर अर्ध दिया जाएगा। सोमवार को उगते हुए सूर्य को अर्ध्य देकर व्रत का पारण किया जाएगा। शुक्रवार से शुरू होने वाला 72 घंटे का यह व्रत सोमवार को उगते सूर्य को अर्ध्य देकर समाप्त होगा।

सुमेरपुर कस्बा की निवासी सुशीला सिंह ने गुरुवार को बताया कि चार दिनों तक घरों में हर्ष का माहौल रहता है मंगल गीत गाकर छठ मैय्या से पुत्र, पति के दीर्घायु होने के साथ धन-धान्य से भरपूर होने की कामना की जाती है। रेनू सिंह बताती है कि जिस तरह होली दिवाली में घरों में हर्ष का माहौल होता है उसी तरह छठ पर्व में भी घर परिवार में उत्सव का माहौल होता है। विभिन्न तरह के पकवानों को तैयार करके पूजा अर्चना की जाती है। अनीता सिंह ने बताया कि इस पर्व में साफ सफाई का बेहद ख्याल रखा जाता है सुहागिन महिलाएं नहाय खाय के साथ वृत शुरू करती हैं यह व्रत 4 दिन का होता है इसकी अवधि 72 घंटा होती है।

चकाचक हुआ गायत्री गंगा घाटछठ महापर्व शुक्रवार को नहाय खाय के साथ शुरू होकर सोमवार को उगते हुए सूर्य को अर्ध्य देकर संपन्न होगा। व्रती महिलाएं नहाय खाय और खरना की पूजा घरों में रहकर करती हैं जबकि अगले दो दिन पूजा नदी सरोवर के घाटों में पानी के अंदर उतरकर की जाती है। इस वर्ष रविवार को शाम के समय घाटों में पहुंचकर डूबते हुए सूर्य को मंगल गीत गाते हुए अर्ध्य दिया जाएगा। सोमवार को सुबह उगते हुए सूर्य को अर्ध्य देकर व्रत का पारण किया जाएगा। छठ पर्व की पूजा कस्बे में गायत्री तपोभूमि के गायत्री गंगाघाट में पिछले दो दशकों से हो रही है जहां पर नगर पंचायत की ओर से पुख्ता इंतजाम कराए जाते हैं। नगर पंचायत अध्यक्ष धीरेन्द्र शिवहरे ने बताया कि साफ सफाई के लिए 10 सफाई कर्मी लगाए गए हैं। पानी बिजली चेंजिंग रूम के साथ सचल शौचालय आदि की व्यवस्था की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा