home page

पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती सद्भावना दिवस के रूप में मनाई

 | 
पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती सद्भावना दिवस के रूप में मनाई


जौनपुर,20 अगस्त (हि. स.)। यूपी के जौनपुर में भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की जयंती गुरुवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में सद्भावना दिवस के रूप में मनाई। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और देश के विकास में उनके योगदान को याद किया।

जयंती समारोह को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह ने कहा कि राजीव गांधी दूरदर्शी सोच वाले नेता थे। उनके उदार व्यक्तित्व और आधुनिक भारत के निर्माण की सोच ने देश की राजनीति और विकास की दिशा को प्रभावित किया। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी को देश में सूचना एवं कंप्यूटर क्रांति का अग्रदूत माना जाता है। उन्होंने युवाओं को देश की मुख्यधारा से जोड़ने तथा आधुनिक तकनीक को बढ़ावा देने के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए।

डॉ. प्रमोद कुमार सिंह ने कहा कि राजीव गांधी ने पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की। उनका उद्देश्य सत्ता और विकास की प्रक्रिया में समाज के सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करना था। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी की सोच और उनके द्वारा किए गए कार्य आज भी प्रासंगिक हैं।

इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सद्भावना, एकता और भाईचारे की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आरिफ खान, डॉ. राकेश मिश्र ‘मंगला गुरु’, जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष राकेश मिश्रा, लाल प्रकाश पाल, राकेश सिंह डब्बू, अनिल सोनकर, निलेश सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव