home page

मां विंध्यवासिनी के दरबार पहुंचे पूर्व मंत्री मंगल पांडेय, देश की समृद्धि की मांगी कामना

 | 
मां विंध्यवासिनी के दरबार पहुंचे पूर्व मंत्री मंगल पांडेय, देश की समृद्धि की मांगी कामना


मीरजापुर, 14 जून (हि.स.)। बिहार के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री, पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सिवान सदर से विधायक मंगल पांडेय रविवार को विश्व विख्यात मां विंध्यवासिनी धाम पहुंचे। यहां उन्होंने परिवार सहित मां के दरबार में विधि-विधान से दर्शन-पूजन कर देश, प्रदेश और समाज की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

मंदिर पहुंचने पर तीर्थ पुरोहितों के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उनका पूजन-अर्चन कराया गया। मंगल पांडेय ने मां विंध्यवासिनी के चरणों में श्रद्धा अर्पित करते हुए जनकल्याण, सामाजिक सौहार्द और राष्ट्र की उन्नति के लिए प्रार्थना की। दर्शन के दौरान उन्होंने मंदिर की धार्मिक गरिमा और विंध्यधाम के आध्यात्मिक महत्व की भी सराहना की।

दर्शन-पूजन के उपरांत उन्होंने कहा कि मां विंध्यवासिनी का धाम देशभर के श्रद्धालुओं की आस्था और विश्वास का प्रमुख केंद्र है। यहां आकर मन को अद्भुत शांति और नई ऊर्जा का अनुभव होता है। उन्होंने कहा कि विंध्यधाम की दिव्यता और धार्मिक वातावरण श्रद्धालुओं को विशेष आध्यात्मिक अनुभूति प्रदान करता है।

पूर्व मंत्री के आगमन को देखते हुए मंदिर परिसर में सुरक्षा और दर्शन व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए गए थे। दर्शन के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच उन्होंने सहजता से मां का आशीर्वाद प्राप्त किया और विंध्यधाम की व्यवस्थाओं की भी सराहना की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा