home page

एमजीयूजी का इंफ्रास्ट्रक्चर और शिक्षण व्यवस्था उत्कृष्ट : डॉ. शशिबाला

 | 
एमजीयूजी का इंफ्रास्ट्रक्चर और शिक्षण व्यवस्था उत्कृष्ट : डॉ. शशिबाला


गोरखपुर, 08 मई (हि.स.)। रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) मुख्यालय नई दिल्ली में जीवन विज्ञान की पूर्व महानिदेशक तथा राष्ट्रीय औषधीय शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान हैदराबाद की पूर्व निदेशक डॉ. शशिबाला सिंह ने कहा है कि महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय गोरखपुर (एमजीयूजी) का इंफ्रास्ट्रक्चर और शिक्षण व्यवस्था उत्कृष्ट है। यह विश्वविद्यालय समय के अनुकूल शोध और नवाचार को प्रोत्साहित कर रहा है।

डॉ. शशिबाला सिंह एमजीयूजी के दो दिवसीय भ्रमण पर आई थीं। सात मई, गुरुवार को उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर के विभिन्न शैक्षणिक एवं अधोसंरचनात्मक संसाधनों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने शैक्षणिक भवनों, कक्षाओं, प्रयोगशालाओं, चिकित्सालय सुविधाओं तथा पंचकर्म केंद्र का निरीक्षण किया। इसके बाद वह शुक्रवार, आठ मई को कुलपति डॉ. सुरिंदर सिंह की अध्यक्षता में आहुत समीक्षा बैठक में शामिल हुईं। इस बैठक में विभिन्न संकायों की प्रगति, गतिविधियों, विशिष्टताओं एवं सामर्थ्य की समीक्षा की गई। नर्सिंग एवं पैरामेडिकल, चिकित्सा विज्ञान, आयुर्वेद, स्वास्थ्य एवं जीवन विज्ञान, फार्मास्यूटिकल साइंसेज, कृषि तथा वाणिज्य संकायों के अधिष्ठाताओं, प्राचार्यों एवं विभागाध्यक्षों ने प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए भावी विकास योजनाओं एवं अंतर्विषयी सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की।

इस अवसर पर डॉ. शशिबाला सिंह ने एमजीयूजी के कुलाधिपति, गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में विकसित विश्वविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, इंफ्रास्ट्रक्चर एवं संस्थागत सुविधाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में संचालित शैक्षणिक एवं शोध गतिविधियां सही दिशा में अग्रसर हैं। उन्होंने शोध एवं नवाचार को सुदृढ़ करने हेतु रणनीतिक पहलों, उद्योग-अकादमिक सहभागिता तथा राष्ट्रीय एवं वैश्विक आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल-आधारित एवं रोजगारोन्मुखी नवीन शैक्षणिक कार्यक्रम प्रारम्भ करने संबंधी महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए।

इस अवसर पर श्री गोरक्षनाथ मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर की प्राचार्य डॉ. वर्षा मोकासी, नर्सिंग एवं पैरामेडिकल संकाय की अधिष्ठाता डॉ. डीएस अजीथा, पैरामेडिकल के प्राचार्य रोहित कुमार श्रीवास्तव, स्वास्थ्य एवं जीवन विज्ञान संकाय के अधिष्ठाता डॉ. सुनील कुमार, आयुर्वेद संकाय के एवं प्राचार्य डॉ. गिरिधर वेदांतम, फार्मेसी संकाय के प्राचार्य डॉ. शशिकांत सिंह, कृषि संकाय के अधिष्ठाता डॉ. विमल कुमार दुबे, वाणिज्य संकायाध्यक्ष डॉ. तरुण श्याम, डीन एकेडमिक्स डॉ. प्रशांत एस., डीन प्लानिंग एंड इम्प्लीमेंटेशन डॉ. हरिओम शरण तथा डीन आईक्यूएसी डॉ. रघुराम आचार सहित विश्वविद्यालय के अन्य अधिकारी एवं संकाय सदस्य उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय