home page

बिजली विभाग के स्मार्ट मीटर 'प्री-पीड़ा' देने वाले हैं : अखिलेश यादव

 | 
बिजली विभाग के स्मार्ट मीटर 'प्री-पीड़ा' देने वाले हैं : अखिलेश यादव


सुलतानपुर, 13 अप्रैल (हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव सोमवार को सुलतानपुर जिले के दौरे पर आये। उन्होंने इस मौके पर भाजपा की नीतियों पर निशाना साधते हुए कहा कि बिजली विभाग की ओर से घराें में लगाये जा रहे स्मार्ट मीटर नहीं, बल्कि ये 'प्री-पीड़ा' देने वाले 'पीड़ित मीटर' हैं। मीटर इतनी तेजी से भाग रहे हैं कि जनता का बिजली बिल आसमान छू रहा है।

सुलतानपुर में सपा नेता मोहम्मद रिजवान पप्पू के यहां आयोजित कार्यक्रम में पहुँचे सपा मुखिया ने पत्रकाराें से बातचीत में बिजली के स्मार्ट मीटरों को लेकर सरकार पर बड़ा निशाना साधा। उन्होंने महिला आरक्षण के कार्यान्वयन पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार बताए कि महिलाएं कहाँ से चुनाव लड़ेंगी। साथ ही, उन्होंने आरक्षण की प्रक्रिया में बड़ी धांधली होने का आरोप भी लगाया। अखिलेश ने अयोध्या में भाजपा की हार का जिक्र करते हुए कहा कि जब सपा और बसपा एकजुट हुए, तो भाजपा को वहां करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा। उन्हाेंने कहा कि भाजपा के पास काेई समाजवादी चेहरा नहीं है, इसलिए प्रतीकाें की राजनीति करती है। डाॅ अंबेडकर का नाम तो लेती है लेकिन उनके बताये मार्ग पर नहीं चलती है।

उन्होंने शहीद अखिलेश शुक्ला के परिजनों से मिलकर उन्होंने शोक संवेदना प्रकट किया। शहीद के पिता राधे कृष्ण शुक्ला ने जीविकोपार्जन के लिए पेट्रोल पंप दिलाने की मांग उठाई जिस पर उन्होंने प्रयास कर पेट्रोल पंप दिलाने की बात कही। यहां उनके साथ इसौली विधायक मो. ताहिर खान, सपा जिलाध्यक्ष रघुवीर यादव, नसीमुद्दीन सिद्दीकी, पूर्व विधायक संतोष पांडेय, पूर्व विधायक व प्रवक्ता अनूप संडा, पूर्व विधायक भगेलू राम, पूर्व विधायक अरुण वर्मा और महासचिव सलाउद्दीन आदि मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त