खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, आठ खाद्य पदार्थों के नमूने लिए
देवरिया, 24 अक्टूबर (हि.स.)। त्याेहार काे ध्यान में रखते हुए शनिवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने विभिन्न दुकानों पर छापेमारी की। इस दौरान ऑनलाइन खाद्य पदार्थों की बिक्री करने वाले प्रतिष्ठानों सहित अन्य दुकानों का निरीक्षण कर कुल आठ खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए गए। नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
विभागीय जानकारी के अनुसार, रामनाथ देवरिया स्थित ई-ब्लिंक स्टोर के निरीक्षण में रखरखाव और साफ-सफाई संबंधी कमियां पाई गईं। इस पर प्रतिष्ठान को सुधार नोटिस जारी किया जा रहा है। टीम ने मौके से संदेह के आधार पर पांच खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। वहीं, साकेत नगर स्थित स्टोर में भी आवश्यक सुधार नहीं पाए जाने पर सुधार नोटिस जारी करने की कार्रवाई की जा रही है।
इसके अतिरिक्त भलुअनी बाजार स्थित राजेंद्र किराना स्टोर से एक खाद्य पदार्थ का नमूना लिया गया। मुख्यालय के निर्देश पर करौदी स्थित गौरी शंकर की दुकान और बघौचघाट स्थित सलाउद्दीन की दुकान से बेसन एवं सरसों के तेल के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए। खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण अभियान जारी रखने की बात कही।
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

