खाद्य सुरक्षा एवं औषधि टीम ने की छापामार कार्रवाई, नौ नमूने जांच को भेजे
मथुरा, 24 अक्टूबर (हि.स.)। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश (लखनऊ) तथा जिलाधिकारी मथुरा के आदेशों के अनुपालन में शनिवार खाद्य सुरक्षा विभाग की सचल दल ने आगामी त्योहारों के दृष्टिगत आम जनमानस और श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य और पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए जनपद में ताबड़तोड़ छापामार कार्रवाई की है।
यह अभियान डॉ. जतिन कुमार सिंह के निर्देशन और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के.के. त्रिपाठी के नेतृत्व में चलाया गया, जिसके तहत जिले के विभिन्न बाजारों से कुल 09 नमूने (सम्पुल) संग्रहित कर जाँच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं।
खाद्य सचल दल ने जनपद के औचक निरीक्षण कर छाता भगवती चाट भंडार से बूंदी के लड्डू का एक नमूना, मांट गोयल स्वीट्स से पेड़ा का एक नमूना, सौंख राधेश्याम मिष्ठान भंडार से मिल्क केक का एक नमूना, गोवर्धन एक मिठाई की दुकान से पेड़ा और खोआ की बर्फी का एक-एक नमूना। एक किराना स्टोर से हल्दी पाउडर का एक नमूना। भैंस बहोरा राधिका ट्रेडर्स से बेसन का एक नमूना। महावन स्थानीय क्षेत्र से मिश्रित दूध का एक नमूना।जुगसना स्थानीय क्षेत्र से मिश्रित दूध का एक नमूना। लोहवन बगीची एक प्रतिष्ठान से सोनपपड़ी का एक नमूने भूरे है। इस प्रकार कुल 09 खाद्य नमूने भरकर जाँच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला प्रेषित किए गए हैं।
खाद्य विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि प्रयोगशाला से जाँच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि खाद्य पदार्थों में मिलावट या गुणवत्ता में कमी पाई जाती है, तो संबंधित कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी विधिक कार्रवाई की जाएगी। त्योहारी सीजन को देखते हुए इस प्रकार के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। इस पूरी कार्रवाई को अंजाम देने वाली खाद्य सचल दल की टीम में धर्मेन्द्र सिंह, मोहर सिंह कुशवाह, रीना शर्मा रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

