खाद्य विभाग की टीम ने हाईवे पर चलाया विशेष अभियान, आठ नमूने भरे
मुरादाबाद, 27 अगस्त (हि.स.)। खाद्य विभाग की टीम ने गुरुवार को हाईवे पर विशेष अभियान चलाया। टीम ने हाईवे से गुजर रहे वाहनों में खाद्य पदार्थों की जांच की। टीम ने मावा समेत आठ नमूने भरे। जिसे जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से गुरुवार को दिनभर हाईवे पर टोल प्लाजा और विभिन्न राजमार्गों पर अभियान चलाया गया। अभियान सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय राजवंश प्रकाश श्रीवास्तव और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी इंद्र बहादुर यादव के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों प्रजन सिंह, एसएसडी सच्चन, कमलेश कुमार यादव, डॉ. भूपेंद्र सिंह खाद्य पदार्थों की जांच की।
टीम ने अकरम अली के समरी शिवपुरी डोलरी स्थित प्रतिष्ठान से मावा का नमूना लिया। सुलेमान के ग्राम चंद्रपुर ईसापुर स्थित प्रतिष्ठान सेल भी मावा का सैंपल लिया गया। वहीं दलपतपुर चौराहे के पास हापुड़ की ओर आ रहे वाहन से रस्क के दो और मटर के एक नमूने भर गए। जबकि गाजियाबाद की ओर से आ रहे वाहन की पीतलनगरी बस अड्डे के पास जांच की गई।
इस वाहन से लाए जा रहे अर्ली टी स्मार्ट मिल्क, काऊ मिल्क और लाइट दही के सैंपल जांच के लिए लिए गए। सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय राजवंश प्रकाश श्रीवास्तव के मुताबिक अभियान के दौरान भरे गए नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

