home page

बोतलबंद पानी बनाने वाली तीन फैक्ट्रियों पर खाद्य विभाग की कार्रवाई, एक इकाई का उत्पादन कराया बंद

 | 
बोतलबंद पानी बनाने वाली तीन फैक्ट्रियों पर खाद्य विभाग की कार्रवाई, एक इकाई का उत्पादन कराया बंद


बोतलबंद पानी बनाने वाली तीन फैक्ट्रियों पर खाद्य विभाग की कार्रवाई, एक इकाई का उत्पादन कराया बंद


एक इकाई का उत्पादन बंद, दूसरी को सुधार नोटिस और तीसरे प्रतिष्ठान पर किया गया नोटिस चस्पा

देवरिया, 02 जुलाई (हि.स.)। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने गुरुवार को जिले में पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर (बोतलबंद पेयजल) का निर्माण करने वाले तीन प्रतिष्ठानों पर सघन जांच अभियान चलाया। निरीक्षण के दौरान कई अनियमितताएं मिलने पर एक इकाई को सुधार नोटिस जारी किया गया, एक प्रतिष्ठान बंद मिला, जबकि आवश्यक दस्तावेज न मिलने पर एक फैक्ट्री में पेयजल का उत्पादन तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया।

सहायक आयुक्त (खाद्य)-2 हितेंद्र मोहन त्रिपाठी के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने सबसे पहले भाटपाररानी क्षेत्र के भठवा तिवारी स्थित IFFSO Beverages Pvt. Ltd. का निरीक्षण किया। जांच के दौरान प्रतिष्ठान में कई कमियां पाई गईं, जिस पर विभाग ने सुधार नोटिस जारी करते हुए निर्धारित समय में आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए।

इसके बाद टीम लार स्थित Everbest Foods & Beverages पहुंची, लेकिन निरीक्षण के समय प्रतिष्ठान बंद मिला। अधिकारियों ने प्रतिष्ठान के मुख्य द्वार पर नोटिस चस्पा करते हुए निर्देश दिया कि इकाई दोबारा संचालित करने से पहले विभाग को सूचना देकर आवश्यक अनुमति प्राप्त करना अनिवार्य होगा।

निरीक्षण के दौरान उसरा औद्योगिक क्षेत्र स्थित Deoria Beverages Pvt. Ltd. में बोतलबंद पेयजल निर्माण से जुड़े आवश्यक अभिलेख उपलब्ध नहीं मिले। इसे गंभीर अनियमितता मानते हुए विभाग ने सभी आवश्यक शर्तों का अनुपालन होने तक फैक्ट्री में पेयजल निर्माण कार्य तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने बताया कि इन तीनों प्रतिष्ठानों पर पूर्व में अंतरजनपदीय टीमों द्वारा छापेमारी कर खाद्य नमूने भी लिए गए थे। नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और आगे भी ऐसे निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक