home page

खाद्य विभाग ने 230 किलो मिठाई नष्ट कर कई नमूने जांच को भेजे

 | 
खाद्य विभाग ने 230 किलो मिठाई नष्ट कर कई नमूने जांच को भेजे


खाद्य विभाग ने 230 किलो मिठाई नष्ट कर कई नमूने जांच को भेजे


जौनपुर, 27 फरवरी (हि.स.)। जौनपुर में होली पर्व को देखते हुए मिलावटी खाद्य एवं तेल पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी रोकथाम के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। शुक्रवार को विभिन्न क्षेत्रों व तहसीलों में छापेमारी कर खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए गए। कार्रवाई से दुकानदारों और खोवा विक्रेताओं में हड़कम्प मच गया।

मुख्य खाद्य अधिकारी मनोज कुमार जायसवाल तथा सहायक खाद्य आयुक्त देवाशीष उपाध्याय के नेतृत्व में बदलापुर तहसील क्षेत्र में कई प्रतिष्ठानों की जांच की गई। इस दौरान चार नमूने संग्रहित किए गए और संदिग्ध पाए गए खाद्य पदार्थों को नष्ट कराया गया। कार्रवाई के तहत 105 किलोग्राम डोडा बर्फी अनुमानित मूल्य 13,650 तथा 125 किलोग्राम मिल्क केक अनुमानित मूल्य 25,000 नष्ट किया गया। इसके अलावा सूजी और सरसों के तेल के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

इसी क्रम में नगर कोतवाली अंतर्गत चहारसू चौराहा स्थित खोवा मंडी में खाद्य निरीक्षक टीम के पहुंचते ही विक्रेताओं में अफरा-तफरी मच गई। कई विक्रेता अपनी दुकानें छोड़कर इधर-उधर भागने लगे। टीम ने तीन दुकानदारों से खोवा के नमूने लेकर जांच हेतु भेज दिए।

इस मामले में खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनोज कुमार जायसवाल ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के मद्देनजर मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। सभी सैंपल को प्रयोगशाला में जांच हेतु भेज दिया गया है। जांच रिर्पाेट आने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी मयंक दुबे, भानु प्रताप सिंह, राजेश कुमार, अंजू यादव, अपराजिता तिवारी और कमला रावत सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव