home page

जिलाधिकारी की सख्त समीक्षा,पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर दिया जोर

 | 
जिलाधिकारी की सख्त समीक्षा,पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर दिया जोर


औरैया, 28 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में मंगलवार को आयोजित बैठक में जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने मुख्यमंत्री डैशबोर्ड में समाहित योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की।

उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की मंशा के अनुरूप पात्र लाभार्थियों का चयन कर उन्हें योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से दिलाया जाए। उन्होंने कहा कि विकास का उद्देश्य तभी सार्थक होगा जब समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे।

जिलाधिकारी ने विकास एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए गुणवत्ता और समयसीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। विद्युत विभाग की समीक्षा में अधिशाषी अभियंता को निर्देशित किया कि जनपद के सभी फीडरों और सबस्टेशनों पर कैंप लगाकर बिजली बिल संशोधन, नए कनेक्शन और लोड वृद्धि जैसे मामलों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए।

एनआरएलएम योजनाओं की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने महिला स्वयं सहायता समूहों के कार्य, आय-व्यय और लाभांश का विस्तृत विवरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने ‘लखपति दीदी’ योजना के अंतर्गत सफल समूहों को प्रेरणा स्रोत बनाकर अन्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया।

मनरेगा की समीक्षा करते हुए विकास खंडवार और ग्रामवार व्यय का विवरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। साथ ही विभिन्न परियोजनाओं के कार्यों का ब्योरा उपलब्ध कराने को कहा गया। जल जीवन मिशन के अंतर्गत पूर्ण परियोजनाओं का निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में जिलाधिकारी ने स्ट्रीट लाइट योजनाओं, पीएम सूर्य घर योजना, कृषि, उद्यान, फसल बीमा, उर्वरक उपलब्धता सहित अनेक योजनाओं की गहन समीक्षा की। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी संत कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार