home page

डीएसए स्टेडियम में फ्लड लाइट्स का शिलान्यास

 | 
डीएसए स्टेडियम में फ्लड लाइट्स का शिलान्यास


डे-नाइट मैचों का मार्ग प्रशस्त, खेल सुविधाओं को मिलेगी नई दिशा

झांसी, 09 अप्रैल (हि.स.)। मंडल रेल प्रबंधक झांसी अनिरुद्ध कुमार ने गुरुवार को डीएसए क्रिकेट स्टेडियम में राष्ट्रीय स्तर की फ्लड लाइट्स लगाने के कार्य का शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य के ले-आउट प्लान का अवलोकन कर विधिवत पूजन के बाद शिलापट का अनावरण किया।

मंडल रेल प्रबंधक ने बताया कि परियोजना पूर्ण होने के बाद खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाओं के साथ डे-नाइट मैच खेलने का अवसर मिलेगा। साथ ही भविष्य में यहां बीसीसीआई द्वारा आयोजित प्रतियोगिताएं और रणजी ट्रॉफी जैसे बड़े टूर्नामेंट भी कराए जा सकेंगे।

अपर मंडल रेल प्रबंधक व खेल अधिकारी नंदीश शुक्ल ने बताया कि करीब चार करोड़ रुपये की लागत से 35 मीटर ऊंचे छह फ्लड लाइट मास्ट लगाए जाएंगे, जिससे पूरे मैदान में उच्च स्तर की रोशनी उपलब्ध होगी।

उन्होंने बताया कि डीएसए फुटबॉल मैदान के नवीनीकरण के लिए रेलवे स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड द्वारा 1.3 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा खिलाड़ियों के लिए आधुनिक स्विमिंग पूल का निर्माण भी प्रस्तावित है। इस मौके पर रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, खेल पदाधिकारी व खिलाड़ी उपस्थित रहे। परियोजना से बुंदेलखंड के खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद जताई गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया