home page

स्वास्थ्य केंद्रों में पांच कर्मचारी मिले अनुपस्थित, वेतन रोकने के निर्देश

 | 
स्वास्थ्य केंद्रों में पांच कर्मचारी मिले अनुपस्थित, वेतन रोकने के निर्देश


कानपुर, 20 सितंबर (हि.स.)। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. हरि दत्त नेमी ने स्वास्थ्य केंद्रों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया, जहां पांच कर्मचारी अनुपस्थित मिले। इसके अलावा साफ-सफाई, औषधियों के रखरखाव और अभिलेखों के संधारण में भी कमियां सामने आईं। कमियों को सुधारने एवं अनुपस्थित कर्मचारियों का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए हैं।

शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नानकारी में चिकित्सक, एएनएम और सपोर्ट स्टाफ समेत तीन कर्मचारी अनुपस्थित मिले। इसके बाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुश्ता पहुंचने पर लैब टेक्नीशियन और सपोर्ट स्टाफ समेत दो कर्मचारी गैरहाजिर पाए गए।

मुश्ता स्वास्थ्य केंद्र में साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली। परिसर में झाड़ियां उगी हुई थीं। औषधियों के रखरखाव में भी लापरवाही सामने आई। डीवीडीएमएस पोर्टल पर औषधियों के रखरखाव और खारिज की गई दवाओं से संबंधित विवरण दर्ज नहीं था। यह भी सामने आया कि चिकित्सा अधीक्षक ने कई माह से स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण नहीं किया था।

सीएमओ ने सभी अनुपस्थित कर्मचारियों का एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी और चिकित्सा अधीक्षक, शिवराजपुर को स्वास्थ्य केंद्रों का स्वयं निरीक्षण करने के साथ औषधियों का उचित रखरखाव सुनिश्चित कराने को कहा। डीवीडीएमएस पोर्टल पर संबंधित विवरण दर्ज कराने और परिसर में उगी झाड़ियों की सफाई कराने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही कार्रवाई की अनुपालन आख्या उपलब्ध कराने को कहा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप