home page

पहले लापता, अब जंगल में मिला कंकाल

 | 
पहले लापता, अब जंगल में मिला कंकाल


उरई, 13 जुलाई (हि.स.)। डकोर थाना क्षेत्र में 13 दिनों से लापता चल रहे एक अधेड़ का कंकाल जंगल में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कंकाल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। घटना के सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार, डकोर थाना क्षेत्र के मोहना गांव निवासी रामलाल (55 वर्ष) पुत्र तुलाराम बीते 27 जून को घर से बकरी चराने के लिए निकले थे। शाम तक जब वह घर वापस नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों और आसपास के गांवों में खोजबीन के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने 29 जून को डकोर थाना पहुंचकर उनके लापता होने की सूचना पुलिस को दी थी।

सोमवार 13 जुलाई को मोहना गांव के जंगल में ग्रामीणों ने एक मानव कंकाल देखा। इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही डकोर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। परिजनों को बुलाकर पहचान कराई गई, जिसके बाद कंकाल की पहचान लापता रामलाल के रूप में हुई। पुलिस ने कंकाल को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम और अन्य जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे। रामलाल अपने पीछे तीन बेटों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। 13 दिनों तक उनके सकुशल लौटने की उम्मीद लगाए बैठे परिजनों को जब उनके कंकाल मिलने की सूचना मिली तो परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद पूरे मोहना गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।

फिलहाल डकोर थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह सामान्य मौत है, दुर्घटना है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल कुमार वर्मा