home page

एसआरएन अस्पताल के पीजी हॉस्टल में लगी आग, बड़ा हादसा टला

 | 
एसआरएन अस्पताल के पीजी हॉस्टल में लगी आग, बड़ा हादसा टला


प्रयागराज, 20 अप्रैल (हि.स.)। स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल के पीजी हॉस्टल में सोमवार शाम अचानक आग लगने से अफरातफरी मच गई। आग हॉस्टल के कमरा नंबर 329 में लगी, जिसकी वजह प्रारंभिक तौर पर फ्रिज में शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कमरे से धुआं उठता देख आसपास के छात्रों ने तत्परता दिखाते हुए दरवाजा तोड़ा और फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। साथ ही तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने परिसर को खाली कराते हुए आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया।

आग की घटना में कमरे के अंदर रखा अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो गया, हालांकि किसी भी छात्र के हताहत होने की सूचना नहीं है। घटना की जानकारी मिलते ही प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नीलम सिंह, हॉस्टल वार्डन डॉ. दिलीप चौरसिया सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

डॉ. नीलम सिंह के अनुसार कमरे में एसी और फ्रिज चालू रहने के कारण शॉर्ट सर्किट से आग लगी। वहीं, हॉस्टल में लगे अग्निशमन यंत्रों के पुराने होने की बात भी सामने आई है, जिनकी समय-समय पर रिफिलिंग आवश्यक है।

प्राचार्य का बयान

इस संबंध में डॉ. वी. के. पांडेय, प्राचार्य मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज ने कहा कि “मामले की जांच कराई जाएगी और जो भी आवश्यक कार्रवाई होगी, वह सुनिश्चित की जाएगी।”

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल