कानपुर में अग्निशमन सेवा स्मृति दिवस पर मुंबई डॉक विस्फोट के शहीदों को किया गया याद
कानपुर में अग्निशमन सेवा स्मृति दिवस पर जागरूकता अभियान
कानपुर, 14 अप्रैल (हि.स.)। साल 1944 में मुंबई के बॉम्बे डॉक एक्सप्लोसिव में शहीद हुए 66 अग्निशमन कर्मियों की स्मृति में अग्निशमन सेवा स्मृति दिवस पर मंगलवार काे कानपुर पुलिस लाइन में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर अग्नि सुरक्षा को लेकर जनजागरूकता बढ़ाने का संकल्प लिया गया।
कानपुर में अग्निशमन सेवा स्मृति दिवस के अवसर पर सीएफओ दीपक शर्मा की उपस्थिति में पुलिस कमिश्नरेट द्वारा पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल उपस्थित रहे। उन्होंने अग्निशमन कर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके कार्यों की सराहना की और शुभकामनाएं दीं। इस दौरान सीएफओ दीपक शर्मा ने पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल, ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर विपिन ताडा सहित अन्य अधिकारियों को बैच लगाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में सीएफओ दीपक शर्मा ने बताया कि साल 1944 में मुंबई के बॉम्बे डॉक एक्सप्लोसिव की घटना से सीख लेते हुए आज भी अग्निशमन विभाग लगातार सतर्कता और जागरूकता अभियान चला रहा है। इसी क्रम में अग्नि सुरक्षा सप्ताह के तहत शहर में विशेष वाहन रवाना किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन अभियानों का उद्देश्य लोगों को आग से बचाव के प्रति जागरूक करना है।
इस अवसर पर कानपुर पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल ने अग्निशमन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर अग्नि सुरक्षा सप्ताह का शुभारंभ किया। ये वाहन शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर लोगों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक करेंगे। कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि वे आग से बचाव के उपायों को अपनाएं और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दें।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

