home page

गैस लीकेज से लगी आग में तीन लोग झुलसे, एक दिल्ली रेफर

 | 
गैस लीकेज से लगी आग में तीन लोग झुलसे, एक दिल्ली रेफर


नोएडा, 26 मार्च (हि.स.)। थाना सेक्टर 49 क्षेत्र के बरौला गांव के एक घर में गुरुवार शाम खाना बनाते समय गैस लीकेज के चलते पाइप में आग लग गई। हादसे में तीन लोग झुलस गए। जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने गंभीर रूप से घायल एक युवक को दिल्ली रेफर कर दिया। सभी घायलों का उपचार चल रहा है।

थाना सेक्टर 49 के प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार भारद्वाज ने बताया कि जनपद बदायूं निवासी 19 वर्षीय अनु, 18 वर्षीय शिवम और 26 वर्षीय शनि नोएडा में निर्माणाधीन साइट पर मजदूरी करते हैं। तीनों युवक बरौला गांव के यमुना बिहार कॉलोनी स्थित एक घर के कमरे में किराये पर रहते हैं। तीनों मिलकर गैस के छोटे सिलेंडर से चूल्हा जलाकर खाना बना रहे थे।

उन्होंने बताया कि गुरुवार शाम करीब पांच बजे अनु खाना बना रहा था। अचानक चूल्हे के निकट पाइप से गैस लीकेज शुरू हो गई। देखते ही देखते गैस ने आग पकड़ ली और खाना बना रहा अनु बुरी तरह झुलस गया। कमरे में ही कुछ दूरी पर बैठे शिवम और शनि उसे बचाने के लिए पहुंचे। उन्होंने किसी तरह आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि आग कमरे में रखे सामान तक नहीं पहुंची, अन्यथा हादसा बड़ा रूप ले सकता था। हालांकि, हादसे में तीनों झुलस गए। आग लगने की सूचना से बिल्डिंग में रहने वाले अन्य लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने किसी तरह तीनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। सूचना पर मौके पर पुलिस पहुंची। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने तीनों को प्राथमिक उपचार दिया। अनु की गंभीर हालत को देखते हुए उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं, शिवम और शनि की हालत बेहतर है। पुलिस ने घायलों के परिजन को सूचना दे दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी