home page

शॉर्ट सर्किट से गारमेंट्स की दुकान में लगी आग, लाखों का सामान जलकर खाक

 | 
शॉर्ट सर्किट से गारमेंट्स की दुकान में लगी आग, लाखों का सामान जलकर खाक


कानपुर, 29 मार्च (हि.स.)। सीसामऊ थाना क्षेत्र अंतर्गत पी रोड स्थित एक गारमेंट्स की दुकान में शॉर्ट सर्किट के चलते अचानक आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, हालांकि दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया।

पी रोड पर नवीन कुकरेजा की दीप गारमेंट्स नाम से दुकान है। उसी भवन के ऊपरी हिस्से में भवन स्वामी संजय कुमार पांडेय अपने परिवार के साथ रहते हैं। रविवार को अचानक शॉर्ट सर्किट के चलते दुकान में आग लग गई, जो देखते ही देखते तेजी से फैलती चली गई। आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे आसपास के व्यापारियों में हड़कंप मच गया और बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना के दौरान भवन के ऊपरी हिस्से में मौजूद परिवार के चार लोगों ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। आग की लपटें पास की कंबल की दुकान तक पहुंचने लगीं, जिसके चलते एहतियातन उस दुकान को भी तुरंत खाली करा लिया गया, ताकि कोई बड़ी अनहोनी न हो सके।

सूचना पर पहुंची दमकल विभाग की तीन गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और आसपास की दुकानों को सुरक्षित किया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी दीपक शर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम को मौके पर रवाना कर दिया गया था और समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया। उन्होंने बताया कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है, लेकिन दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप