मथुरा : शार्ट सर्किट से तीन मंजिला दाेना पत्तल की दुकान में लगी आग
मथुरा, 01 अप्रैल(हि.स.)। उत्तर प्रदेश में मथुरा जिले के थाना कोतवाली क्षेत्र में चौबिया पाड़ा के पास बुधवार को तीन मंजिला दोना पत्तल और गिफ्ट आइटम की दुकान में आग लग गई। आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया।
सूचना पर अग्निशमन विभाग की दो गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर करीब एक घंटे के बाद आग पर काबू पाया गया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई लेकिन दुकान में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया।
दुकान स्वामी नरेंद्र गुप्ता ने बताया कि मंगलवार को बाजार बंद होने के कारण वह मंदिर दर्शन के लिए गए थे। रात करीब साढ़े बारह बजे लौटे थे। उस समय सब कुछ सामान्य था। सुबह पड़ोस में कचौड़ी बेचने वाले ने आकर बताया कि दुकान से धुआं निकल रहा है तब जाकर घटना की जानकारी हुई।
दुकान मालिक के अनुसार आग लगने के समय सभी बिजली के स्विच बंद थे। आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और फायर विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।
इस आगजनी में करीब 20 लाख रुपये से अधिक के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा तफरी का माहौल बना रहा और लोग काफी देर तक दहशत में रहे।
———————————
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

