शंकराचार्य के खिलाफ दर्ज एफआईआर पर कांग्रेस का प्रदर्शन, पीएम को भेजा ज्ञापन
जौनपुर,25 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में बुधवार दोपहर कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष डॉ.प्रमोद कुमार सिंह के नेतृत्व में धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने ज्योतिर्मठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के खिलाफ दर्ज एफआईआर को निरस्त करने की मांग उठाई और प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट इन्द्र नंदन सिंह को सौंपा।
जिलाध्यक्ष डॉ.प्रमोद कुमार सिंह ने कहा कि शंकराचार्य और उनके शिष्यों के विरुद्ध दर्ज एफआईआर प्रथम दृष्टया एकतरफा और दुर्भावनापूर्ण प्रतीत होता है। उनका आरोप है कि मौनी अमावस्या के दिन शंकराचार्य और उनके शिष्यों को स्नान से रोका गया तथा कथित रूप से अभद्र व्यवहार किया गया। कुछ शिष्यों के साथ मारपीट और अपमानजनक व्यवहार किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि शंकराचार्य का पद सनातन परंपरा में सर्वोच्च आध्यात्मिक पदों में से एक है और इस प्रकार की कार्रवाई धार्मिक स्वतंत्रता व लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। उन्होंने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष,पारदर्शी और समयबद्ध उच्चस्तरीय जांच की मांग की।
ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि शिष्यों के साथ कथित अभद्रता की जांच कर दोषी अधिकारियों या संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए,ताकि भविष्य में धार्मिक स्वतंत्रता और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा हो सके।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

