home page

जौनपुर जिले की अंतिम मतदाता सूची जारी, जौनपुर विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक 4 लाख 1871 मतदाता

 | 
जौनपुर जिले की अंतिम मतदाता सूची जारी, जौनपुर विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक 4 लाख 1871 मतदाता


जौनपुर, 10 अप्रैल (हि. स.)। यूपी के जनपद जौनपुर में शुक्रवार को विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के अंतर्गत जनपद की अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया। इस संबंध में जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने कलेक्ट्रेट सभागार में पत्रकारों से बातचीत करते हुए पूरी प्रक्रिया और आंकड़ों की विस्तृत जानकारी दी गई। जिले में सबसे अधिक मतदाता 4,01,871, जौनपुर विधानसभा क्षेत्र में हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि पुनरीक्षण से पूर्व जनपद में कुल 35,70,851 मतदाता थे, जिनमें 18,59,013 पुरुष, 17,11,692 महिला और 146 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल थे। पुनरीक्षण के दौरान 2,89,452 मतदाता डुप्लीकेट, मृतक या स्थानांतरित पाए जाने के कारण सूची से पृथक किए गए। इसके बाद 6 जनवरी को प्रकाशित आलेख्य सूची में 29,81,308 मतदाता दर्ज किए गए। इसमें 16,06,024 पुरुष, 13,75,180 महिला और 104 तृतीय लिंग मतदाता शामिल थे।

जिला प्रशासन द्वारा 8,52,715 मतदाताओं को नोटिस जारी कर 9 ईआरओ और 293 एईआरओ के माध्यम से सुनवाई कराई गई। इस प्रक्रिया में 4172 बूथ लेवल अधिकारियों और 421 सुपरवाइजरों ने घर-घर जाकर सत्यापन किया। जांच के दौरान 2003 की मतदाता सूची के आधार पर पात्र व्यक्तियों को पुनः जोड़ा गया।

पुनरीक्षण के दौरान 2,53,669 नए मतदाता जोड़े गए। इसके बाद 10 अप्रैल 2026 को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची में कुल 32,18,897 मतदाता दर्ज किए गए हैं, जिनमें 17,32,222 पुरुष, 14,86,556 महिला और 119 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं। विधानसभावार आंकड़ों के अनुसार बदलापुर में 3,30,446, शाहगंज में 3,81,806, जौनपुर में 4,01,871, मल्हनी में 3,41,284, मुंगराबादशाहपुर में 3,49,094, मछलीशहर में 3,65,941, मड़ियाहूं में 3,13,529, जाफराबाद में 3,50,740 और केराकत में 3,84,186 मतदाता शामिल हैं।

अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची 10 अप्रैल से एक सप्ताह तक जिला निर्वाचन कार्यालय, संबंधित ईआरओ कार्यालयों और सभी मतदेय स्थलों पर निरीक्षण के लिए उपलब्ध रहेगी। साथ ही मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को इसकी हार्ड और सॉफ्ट कॉपी निःशुल्क प्रदान की जा रही है। इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी परमानंद झा, जिला सूचना अधिकारी मनोकामना राय, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी डॉ. अरुण कुमार यादव उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव