home page

नगर विकास मंत्री ने चिल्ड्रन फिल्म फेस्टिवल का किया शुभारंभ

 | 
नगर विकास मंत्री ने चिल्ड्रन फिल्म फेस्टिवल का किया शुभारंभ


लखनऊ, 06 अप्रैल (हि.स.)। प्रदेश के ऊर्जा एवं नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने सोमवार को कानपुर रोड स्थित सिटी मॉन्टेसरी स्कूल में चिल्ड्रन फिल्म फेस्टिवल का शुभारंभ किया। इस अवसर पर शिक्षाविद प्रोफेसर गीता गांधी किंगडन और मुंबई से आईं प्रसिद्ध सिंगर जनाई भोसले एवं उनके सहयोगी चरनजीत सिंह उपस्थित रहे।

इस माैके पर नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि यदि शिक्षक दृढ़ संकल्प के साथ विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करें, तो वे किसी भी ऊंचाई को प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने प्रेरणादायक प्रसंगों के माध्यम से बच्चों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें अपने लक्ष्य के प्रति निरंतर प्रयासरत रहने की प्रेरणा दी।

मंत्री शर्मा ने स्वच्छता, ऊर्जा संरक्षण एवं नवीकरणीय ऊर्जा के महत्व पर विशेष बल दिया। उन्होंने छात्रों से अपने घरों में सोलर ऊर्जा अपनाने की अपील की और बताया कि स्वच्छता अभियान आज एक जनआंदोलन का रूप ले चुका है। उन्होंने यह भी बताया कि लखनऊ इस वर्ष स्वच्छता रैंकिंग में तीसरे स्थान पर रहा है और सभी से आह्वान किया कि सामूहिक प्रयासों से इसे प्रथम स्थान तक पहुंचाया जाए। कार्यक्रम में शिक्षाविद प्रोफेसर गीता गांधी ने कहा कि यह फिल्म फेस्टिवल एक सप्ताह तक आयोजित होगा, जिसमें देश-विदेश से प्राप्त लगभग 3000 से 3500 फिल्मों में से चयनित 250 से 300 उत्कृष्ट फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन