home page

विद्युत कनेक्शन से जुड़ी सभी फाइलों का जल्द निस्तारण हो : प्रबंध निदेशक

 | 
विद्युत कनेक्शन से जुड़ी सभी फाइलों का जल्द निस्तारण हो : प्रबंध निदेशक


मुरादाबाद, 17 मार्च (हि.स.)। बिजली आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने और लम्बित कनेक्शन सम्बंधी मामलों के निस्तारण को लेकर पीवीवीएनएल के प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता ने मंगलवार को बैठक ली। बैठक में कहा गया कि नए विद्युत कनेक्शन से जुड़ी सभी फाइलों का जल्द से जल्द निस्तारण किया जाए।

प्रबंध निदेशक आज मेरठ से दिल्ली रोड स्थित मुख्य अभियंता कार्यालय पहुंचे और सभी अधिकारियों के साथ बिजली व्यवस्था की समीक्षा की।

जो फाइलें लम्बे समय से लम्बित हैं, उनमें उपभोक्ताओं से सम्पर्क कर आवश्यक दस्तावेज पूरे कराए जाएं, ताकि कनेक्शन प्रक्रिया में देरी न हो। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि उपभोक्ताओं से लगातार सम्पर्क बनाए रखें और लम्बित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाएं।

गर्मी के मौसम को देखते हुए प्रबंध निदेशक ने बिजली आपूर्ति को सुचारु रखने के लिए 33 केवी और 11 केवी फीडरों की समीक्षा की। अधिशासी अभियंताओं को अपने-अपने क्षेत्रों में फीडरों का निरीक्षण कर आवश्यक रख-रखाव कराने और खराब उपकरणों को समय पर बदलने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही लाइन मेंटेनेंस के दौरान सुरक्षा मानकों का ध्यान रखा जाए। सुरक्षा उपकरणों का उपयोग करते हुए कार्य की फोटो व वीडियो रिकॉर्डिंग रखने के निर्देश दिए गए।

बैठक में ई-ऑफिस प्रणाली को भी प्रभावी रूप से लागू करने पर जोर दिया गया। बैठक में मुख्य अभियंता अशोक कुमार चौरसिया, अधीक्षण अभियंता प्रशांत कुमार समेत सभी अधिशासी अभियंता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल