चार दिन में 1.04 लाख लोगों ने खाई फाइलेरिया से बचाव की दवा, इनकार करने वालों को भी किया जा रहा जागरूक
कानपुर, 24 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर में फाइलेरिया उन्मूलन अभियान के तहत चार विकासखंडों में चार दिन के भीतर 1.04 लाख से अधिक लोगों ने दवा का सेवन किया। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने दवा खाने से इनकार करने वाले करीब 59 प्रतिशत लोगों को भी समझाकर दवा खिलाई। यह जानकारी मंगलवार को अभियान के नोडल अधिकारी डॉ. राजेश्वर सिंह ने दी।
उन्होंने बताया कि बिल्हौर में सबसे अधिक 41,260 लोगों ने दवा खाई है। इसके अलावा बिधनू में 29,366, चौबेपुर में 24,137 और ककवन में 9,588 लोगों ने दवा का सेवन किया। उन्होंने लोगों से स्वास्थ्यकर्मियों के सामने ही दवा खाने और अभियान में सहयोग करने की अपील की।
जिला मलेरिया अधिकारी ए.के. सिंह ने बताया कि चारों विकासखंडों की कुल आबादी 6.77 लाख है। इसके सापेक्ष अब तक करीब 15 प्रतिशत लोग दवा खा चुके हैं। अभियान के दौरान 24,774 लोगों ने दवा खाने से इनकार किया था। इनमें से 14,717 लोगों को स्वास्थ्यकर्मियों और सहयोगी संस्थाओं के प्रयासों से समझाकर दवा खिलाई गई है। शेष लोगों को भी दवा सेवन के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
बिधनू विकासखंड के हाजीपुर गांव में पेशेंट सपोर्ट ग्रुप के सदस्यों ने दवा खाने से इनकार करने वाले 85 लोगों से संपर्क किया। बीमारी की गंभीरता और दवा के महत्व की जानकारी देकर इनमें से 53 लोगों को दवा का सेवन कराया गया। बाकी लोगों को भी समझाने का प्रयास किया जा रहा है।
जिला मलेरिया अधिकारी ने बताया कि फाइलेरिया संक्रमित मच्छरों के काटने से फैलने वाली गंभीर बीमारी है। लंबे समय तक संक्रमण रहने पर हाथ-पैर में असामान्य सूजन और स्थायी दिव्यांगता हो सकती है। एमडीए अभियान में दी जाने वाली दवा बीमारी के प्रसार को रोकने का प्रभावी उपाय है। उन्होंने पात्र लोगों से बिना किसी भय या भ्रांति के स्वास्थ्यकर्मियों के सामने दवा खाने और परिवार व आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।
अभियान में स्वास्थ्य विभाग के साथ विश्व स्वास्थ्य संगठन, प्रोजेक्ट कंसर्न इंटरनेशनल, सेंटर फॉर एडवोकेसी एंड रिसर्च, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी और पेशेंट सपोर्ट ग्रुप के सदस्य भी लोगों को जागरूक करने में जुटे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

