home page

महिला आरक्षण के लिए छात्राओं ने दी मिस्ड कॉल

 | 
महिला आरक्षण के लिए छात्राओं ने दी मिस्ड कॉल


मिशन शक्ति फेज-5' के द्वितीय चरण के अंतर्गत चलाया गया 'मिस्ड कॉल' अभियान

हाथरस, 15 अप्रैल (हि.स.)। राजकीय महिला महाविद्यालय, कुरसंडा में बुधवार काे 'मिशन शक्ति फेज-5' के द्वितीय चरण के अंतर्गत 'मिस्ड कॉल' अभियान चलाया गया। इस दौरान छात्राओं और शिक्षकों ने अपने मोबाइल फोन से मिस्ड कॉल देकर संसद में महिलाओं को एक तिहाई आरक्षण के समर्थन में अपनी भागीदारी दर्ज कराई। यह अभियान नारी शक्ति वंदन अधिनियम के प्रचार-प्रसार के लिए आयोजित किया गया था।

यह कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. मृदुला गौतम के संरक्षण और नोडल प्रभारी डॉ. राधा शर्मा के निर्देशन में संपन्न हुआ। अभियान में महाविद्यालय की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिससे महिला सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के अंत में कार्यक्रम प्रभारी डॉ. नरेंद्र सिंह ने छात्राओं को नारी शक्ति वंदन अधिनियम के संवैधानिक प्रावधानों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने आगामी दिनों में 'मिशन शक्ति' के तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा भी साझा की। इस अवसर पर प्रो. सत्यप्रिया बंसल, डॉ. शैलेंद्र सिंह कुशवाह, डॉ. डी. के. तोमर और डॉ. डी. के. गौतम ने भी सक्रिय सहयोग दिया। महाविद्यालय परिवार ने इस अभियान को महिला अधिकारों और समान भागीदारी की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना