तेज आंधी के कारण दीवार गिरने से पिता-पुत्र मलबे में दबे, गंभीर घायल
हमीरपुर, 08 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में मौदहा के छिमौली गांव में सोमवार को मौसम के बदले मिजाज ने भारी तबाही मचाई। अचानक आई तेज आंधी के कारण एक कच्चे मकान की दीवार भरभराकर ढह गई। हादसे में घर के बाहर मौजूद पिता और पुत्र मलबे के नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि पास ही खड़ा एक ट्रैक्टर भी मलबे की चपेट में आने से क्षतिग्रस्त हो गया। ग्रामीणों ने आनन-फानन में भारी मशक्कत के बाद दोनों को मलबे से बाहर निकाला और कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। चिकित्सकों के अनुसार, दोनों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।
पीड़ित देशराज के दूसरे पुत्र विनोद ने बताया कि सोमवार को अचानक घुमावदार आंधी आई। जब तक कोई कुछ समझ पाता, ईंट-गारे से बनी कच्ची दीवार ढह गई। हादसे के वक्त देशराज (50) और उनका बेटा प्रमोद (20) वहीं मौजूद थे। जिससे दोनों कच्ची दीवार के मलबे के नीचे दब गए। प्रमोद की चीख सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने मलबे को हटाकर दोनों को बाहर निकाला और कस्बे के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं दीवार की चपेट में आने से एक ट्रैक्टर भी क्षतिग्रस्त हुआ है। मौदहा कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह ने बताया कि आंधी में घर की दीवार गिरने से पिता और पुत्र घायल हुए हैं जिन्हें इलाज के लिए सरकारी अस्पताल भेजा गया है। एक ट्रैक्टर भी क्षतिग्रस्त हो गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

