home page

सुलतानपुर :हत्त्यारोपित पिता-पुत्र गिरफ्तार , जेल

 | 
सुलतानपुर :हत्त्यारोपित पिता-पुत्र गिरफ्तार , जेल


सुलतानपुर, 27 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर के कुड़वार बाजार में भूमि विवाद को लेकर एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी। पुलिस ने हत्यारोपित पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है। आरोपितों को कोर्ट से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

कुड़वार निवासी मृतक माता प्रसाद पांडेय के पुत्र अवनीश पांडेय ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने बासी के अशोक तिवारी से एक जमीन खरीदी थी। इस खरीद से रमेश मौर्या असंतुष्ट थे, जिसके कारण भूमि विवाद उत्पन्न हुआ। इसी विवाद को सुलझाने के लिए 25 मार्च को दोपहर में सतीश उपाध्याय के घर एक बैठक आयोजित की गई थी। इस बैठक में उनके पिता माता प्रसाद पांडेय, रमेश मौर्या, सुरेंद्र शर्मा, राहुल सिंह और अजय शुक्ला मौजूद थे।

अवनीश के मुताबिक, बैठक में उनके पिता माता प्रसाद की बात को सुरेंद्र शर्मा बार-बार काट रहे थे, जिससे दोनों के बीच कहासुनी हो गई। सुरेंद्र शर्मा और रमेश मौर्या ने कथित तौर पर माता प्रसाद को धमकी दी थी कि रुकिए अभी थोड़ी देर में तुमसे रास्ता ले लेता हूं। इसके बाद सभी लोग अपने-अपने घर लौट गए।

घटना वाले दिन शाम को माता प्रसाद अपने बेटे अवनीश और भाई दूधनाथ के साथ कुड़वार बाजार स्थित अपनी दुकान पर खड़े थे। अज्ञात व्यक्ति ने अपने-अपने असलहे से गोली चला दी। एक गोली माता प्रसाद के बगल से निकल गई, जबकि दूसरी उनके सीने में जा लगी। सभी आरोपी अपने असलहे लहराते हुए मौके से फरार हो गए।

पुलिस क्षेत्राधिकारी सौरभ सावंत ने बताया कि इस मामले थाना कुड़वार के निवासी रमेश मौर्या पुत्र स्व. तुलसी राम मौर्या और अनुराग मौर्या पुत्र रमेश मौर्या को फिरोजपुर कला के पास से गिरफ्तार किया है।

हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त