home page

मिट्टी लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आए पिता-पुत्र, दोनों की मौत

 | 
मिट्टी लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आए पिता-पुत्र, दोनों की मौत


मीरजापुर, 23 जून (हि.स.)। जमालपुर थाना क्षेत्र के बिक्सी-ओइनवां संपर्क मार्ग पर मंगलवार शाम दर्दनाक सड़क हादसे में पिता-पुत्र की मौत हो गई। बियरही गांव के पास मिट्टी लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से बाइक सवार युवक और उसके छह वर्षीय पुत्र ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

चुनार थाना क्षेत्र के टेकउर निवासी 38 वर्षीय मनीष अपने छह वर्षीय पुत्र आयुष को दवा दिलाने के लिए बाइक से बिक्सी चट्टी गए थे। दवा दिलाने के बाद वह अपने ससुराल केशवपुर जा रहे थे। रास्ते में बियरही गांव के पास आगे चल रही मिट्टी लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली को ओवरटेक करने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान ट्रैक्टर चालक ने अचानक वाहन बाईं ओर मोड़ दिया, जिससे बाइक ट्रॉली की चपेट में आ गई। हादसे में पिता-पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई।

दुर्घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया। वहीं मृतकों के परिजनों ने चालक के खिलाफ कार्रवाई और अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग को लेकर कुछ देर तक शवाें काे उठाने का विरोध किया।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में मिट्टी, गिट्टी और बालू से लदे ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली बेखौफ और तेज रफ्तार से चलते हैं। पुलिस और प्रशासन की अनदेखी के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। लोगों ने ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने की मांग की।

हादसे के बाद मृतक की पत्नी सोनी गुप्ता का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि मनीष मुंबई में ऑटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे और गुरुवार को वापस मुंबई जाने वाले थे। उनके तीन बच्चों में से एक पुत्र आयुष की इस हादसे में मौत हो गई। परिवार में अब नौ वर्षीय पुत्र और छह वर्षीय पुत्री बची है।

रफ्तार ने उजाड़ दिया परिवार

मुंबई में मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करने वाले मनीष अपने बेटे को दवा दिलाने निकले थे। किसी ने नहीं सोचा था कि यह सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा। एक ही हादसे में पिता और पुत्र की मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

थाना प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है तथा तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा