फर्रुखाबाद: बाढ़ पीड़ितों को वरीयता से दिए जाएं किसान क्रेडिट कार्ड : जिलाधिकारी
फर्रुखाबाद, 10 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जनपद में जिलाधिकारी डॉ अंकुर लाठर की अध्यक्षता में सोमवार को बैंक एवं बैंक प्रायोजित योजनाओं की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न बैंकिंग योजनाओं एवं शासन की प्राथमिकता वाली बैंक प्रायोजित योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने बैंकवार एवं योजनावार प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों को शासन की योजनाओं का लाभ समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि ऋण संबंधी लंबित आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा बैंक अधिकारी अनावश्यक रूप से किसी आवेदन को लंबित न रखें।
उन्होंने किसान क्रेडिट कार्ड, स्वयं सहायता समूहों, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना सहित विभिन्न स्वरोजगार एवं ऋण योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि अधिक से अधिक पात्र युवाओं, उद्यमियों, किसानों एवं स्वयं सहायता समूहों को बैंकिंग योजनाओं से जोड़ा जाए, जिससे जनपद में स्वरोजगार एवं आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल सके।
जिलाधिकारी ने बैंकों एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए विभिन्न शासकीय योजनाओं के बैंक स्तर पर लंबित आवेदनों का निस्तारण कराने तथा लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बैंक प्रायोजित योजनाओं में लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति एवं वितरण की प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब न हो और योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में जनपद स्तर पर भारतीय स्टेट बैंक, बैंक ऑफ़ बड़ौदा, कैनरा बैंक, इण्डियन ओवरसीज बैंक, एवं इण्डियन बैंक का क्रेडिट-डिपॉजिट अनुपात (CD ratio) की खराब प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित बैंक के प्रबंधक को सीडी रेशियो में प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा संचालित सभी योजनाओं की विभिन्न बैंकों में निरस्त किए गए आवेदनों का पुनः सत्यापन कराकर आख्या उपलब्ध कराएं, इसके साथ ही पुनः सत्यापन में अनियमितता पाए जाने पर संबंधित बैंक की दोषपूर्ण कार्यशैली से शासन को अवगत कराएं। जनपद में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के किसान क्रेडिट कार्ड धारक कृषकों फसल की क्षतिपूर्ति के लिए फसल बीमा योजना का लाभ अनिवार्य रूप से दिलायें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक सुमित अग्निहोत्री, उपायुक्त स्वतः रोजगार सुषमा, जिला पंचायत राज अधिकारी अविनाश चंद्र, जिला उद्यान अधिकारी राघवेंद्र सिंह विभिन्न बैंकों के जिला समन्वयक/शाखा प्रबंधक तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

