home page

एम्बुलेंस सेवाओं के रिस्पॉन्स टाइम में सुधार के लिए होगी हॉटस्पॉट की नियमित समीक्षा, दो नए स्थल चिह्नित

 | 
एम्बुलेंस सेवाओं के रिस्पॉन्स टाइम में सुधार के लिए होगी हॉटस्पॉट की नियमित समीक्षा, दो नए स्थल चिह्नित


सीएमओ की अध्यक्षता में 102 एवं 108 एम्बुलेंस सेवा की समीक्षा बैठक, त्वरित रिस्पॉन्स और बेहतर व्यवस्थाओं पर दिया गया जोर

फर्रुखाबाद, 03 नवंबर (हि.स.)।

102 एवं 108 एम्बुलेंस सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने, आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को समय से चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा अधिकारी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में एम्बुलेंस सेवाओं के रिस्पॉन्स टाइम (Response Time) सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। इस दौरान जिले में दो नए हॉटस्पॉट स्थलों को चिह्नित किया गया, जिससे जरूरत के समय एम्बुलेंस की त्वरित उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके।

जमापुर चौराहा और पुलिस चौकी सराह बने नए हॉटस्पॉट

समीक्षा के दौरान जिले में जमापुर चौराहा एवं पुलिस चौकी सराह को नए एम्बुलेंस हॉटस्पॉट स्थलों के रूप में चिह्नित किया गया। इन स्थानों पर एम्बुलेंस की तैनाती की व्यवस्था से आसपास के क्षेत्रों में आपातकालीन कॉल प्राप्त होने पर कम समय में सहायता पहुंचाने में मदद मिलेगी। इसके साथ ही पूर्व निर्धारित हॉटस्पॉट स्थलों की भी नियमित समीक्षा कर आवश्यकता के अनुसार बदलाव करने के निर्देश दिए गए।

ईएमटी और पायलट की कार्यप्रणाली पर रहेगी नजर

एम्बुलेंस में तैनात ईएमटी एवं पायलट की दैनिक कार्यप्रणाली की समीक्षा करने, उनकी उपस्थिति एवं ड्यूटी व्यवस्था पर नजर रखने तथा सभी कर्मचारियों को निर्धारित यूनिफॉर्म में रहने के निर्देश दिए गए। साथ ही संबंधित बैठकों में नियमित प्रतिभाग करने और आपसी समन्वय बनाए रखने पर बल दिया गया।

वाहनों और जीवनरक्षक उपकरणों की नियमित जांच के निर्देश

एम्बुलेंस वाहनों का समय-समय पर नियमित मेंटेनेंस कराने तथा उनमें निर्धारित मानकों के अनुरूप आवश्यक दवाइयों एवं चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि आपातकालीन स्थिति में मरीज को एम्बुलेंस के भीतर ही आवश्यक प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराई जा सके।

त्वरित रिस्पॉन्स से बेहतर होगी आपातकालीन सेवा

बैठक में RTNM को रोकने तथा एम्बुलेंस की त्वरित प्रतिक्रिया (Quick Response) सुनिश्चित करने के लिए विशेष समीक्षा करने के निर्देश दिए गए। अधिक कॉल प्राप्त होने वाले क्षेत्रों का विश्लेषण कर एम्बुलेंस की उपलब्धता और रिस्पॉन्स टाइम में सुधार के लिए प्रभावी कदम उठाने पर भी जोर दिया गया। इसके अतिरिक्त ईएमटी एवं ईएमई द्वारा पीएम कार्यालय में संबंधित बिंदुओं पर समीक्षा किए जाने के निर्देश दिए गए।

बैठक में नोडल अधिकारी डॉ. दीपक कटारिया, सहायक शोध अधिकारी विकास कुमार, फार्मासिस्ट आशीष कुमार शुक्ला, कार्यक्रम प्रबंधक 108/102 सचिन राज एवं जिला प्रभारी 108/102 कौशल किशोर उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर