आईएमए और रेडक्रॉस के स्वास्थ्य शिविर में 355 मरीजों की जांच, 112 बाढ़ प्रभावित बच्चों को बांटे कपड़े
आईएमए की पहल से 10 गांवों के ग्रामीणों को मिला लाभ
फर्रुखाबाद, 04 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जनपद में बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) और इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी की ओर से रविवार को प्राथमिक विद्यालय बहादुरपुर, राजेपुर में चतुर्थ बाढ़ राहत चिकित्सा शिविर लगाया गया। शिविर में 10 बाढ़ प्रभावित गांवों के 355 मरीजों की जांच कर उन्हें नि:शुल्क दवाएं दी गईं। इस दौरान 112 बच्चों को कपड़े भी वितरित किए गए।
रेडक्रॉस के सभापति शीश मेहरोत्रा के संयोजन में आयोजित शिविर में कांधर, कुंवरपुरा, खुंटिया, सिया, सरह, बांकेपुरवा, महमदगंज, टेरा अकबरपुर, सवासी और धीरजपुर के ग्रामीण पहुंचे।
आईएमए की अध्यक्ष डॉ. कविता शर्मा के नेतृत्व में चिकित्सकों की टीम ने मरीजों की जांच की और उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। स्वास्थ्य जांच के साथ बाढ़ प्रभावित परिवारों की जरूरत को देखते हुए बच्चों को वस्त्र वितरित किए गए।
शिविर में डॉ. कविता शर्मा, डॉ. अरविंद गुप्ता, अवनीश अग्निहोत्री सहित रेडक्रॉस के स्वयंसेवकों ने सेवाएं दीं। ग्रामीणों ने बाढ़ के दौरान स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आईएमए और रेडक्रॉस की पहल की सराहना की।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर

